खरोरा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मांठ में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, रायपुर के जिला प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन आज उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर केंद्र की आधारशिला रखी और इसे युवाओं के भविष्य निर्माण से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताया।
युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में अहम पहल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र आने वाले समय में युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है, जो युवाओं को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देती है।
‘संस्कार शाला’ के रूप में विकसित होगा केंद्र
विधायक ने इस केंद्र को ‘संस्कार शाला’ बताते हुए कहा कि यहां से निकलने वाले युवाओं में सेवा की भावना, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब युवा अनुशासित होंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश सशक्त बन पाएगा। यह केंद्र युवाओं को न केवल प्रशिक्षण देगा, बल्कि उन्हें जीवन के मूल्यों से भी जोड़ेगा।
भटकाव के दौर में सही दिशा देने वाला मंच
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं के सामने कई तरह के भटकाव हैं, ऐसे में स्काउट्स और गाइड्स जैसे संगठन उन्हें जमीन से जोड़ते हैं और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। ग्राम मांठ में इस केंद्र की स्थापना पूरे रायपुर जिले के लिए गर्व की बात है, जहां बच्चे प्रकृति के बीच रहकर कठिन परिस्थितियों में खुद को मजबूत बनाना सीखेंगे।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, तिल्दा जनपद अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, सुरेंद्र वर्मा, अनिल सोनी, सरोज चंद्रवंशी, सुमित सेन सहित स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।