Meta Pixel

भिलाई में “ऑपरेशन विश्वास” के तहत बड़ा खुलासा, 21 ग्राम हेरोइन के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ऑपरेशन विश्वास” के अंतर्गत थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने संगठित रूप से हेरोइन (चिट्टा) का कारोबार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.18 ग्राम हेरोइन, नगदी राशि और मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 84 हजार 400 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 1 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि भिलाई के सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास कुछ लोग अवैध रूप से चिट्टा (हेरोइन) का सेवन और विक्रय कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना भिलाई भट्ठी की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से मादक पदार्थ, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजिंदर सिंह (23 वर्ष, न्यू खुर्सीपार भिलाई), मोन्टी अरोरा (32 वर्ष, हाउसिंग बोर्ड जामुल), सूरज कुमार लोहार (31 वर्ष, राजनांदगांव), नवजोत सिंह (26 वर्ष, सेक्टर-4 भिलाई) और ईशा कौर (23 वर्ष, केम्प-1 भिलाई) के रूप में की गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 8 एवं 21 NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

जब्त सामग्री में 21.18 ग्राम हेरोइन (लगभग 1 लाख 69 हजार 440 रुपये), 65 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन (लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये) के अलावा एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट और लाइटर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से नशीले पदार्थों का संग्रहण और बिक्री कर रहे थे।

इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय और प्रभावी भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूक रहें और इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *