Meta Pixel

नाइजीरिया से छत्तीसगढ़ पहुंचता था ड्रग्स:BP मशीन के बॉक्स में छिपाकर डिलीवरी, रायपुर पुलिस ने दिल्ली से 2 तस्करों को पकड़ा

Spread the love

छत्तीसगढ़ में नाइजीरिया से ड्रग्स की सप्लाई हो रही थी। आरोपी बीपी (ब्लडप्रेशर) मशीन के बॉक्स में छिपाकर रायपुर में कोकीन की डिलीवरी करते थे। 2 मई को रायपुर पुलिस ने दिल्ली से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है।

आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख कैश, 5 आईफोन, 3 चेकबुक समेत करीब 11 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। यह नेटवर्क नाइजीरिया से संचालित होकर देश के अलग-अलग राज्यों में कोकीन की सप्लाई कर रहा था।

बीपी मशीन के बॉक्स में छिपाकर भेजते थे कोकीन

मामले का खुलासा 19 मार्च 2026 को हुआ, जब देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नारायणा हॉस्पिटल के पास कृष्ण गोपाल अग्रवाल को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के पास से 2.27 लाख रुपए की कोकीन, एक चारपहिया वाहन और आईफोन जब्त किया गया था। कुल जब्ती की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक आंकी गई थी।

पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी को ड्रग्स की सप्लाई एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के जरिए हो रही थी। यह गिरोह दिल्ली से संचालित हो रहा था और कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर के माध्यम से रायपुर सहित अन्य शहरों में भेजता था, ताकि किसी को शक न हो।

दिल्ली के तिलक नगर में दबिश, 2 आरोपी दबोचे

इनपुट मिलने के बाद रायपुर पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई। वहां तिलक नगर क्षेत्र में दबिश देकर भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की।

जांच में यह भी सामने आया कि नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ नामक व्यक्ति इस पूरे सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। वहीं, सन्नी शर्मा अपने बैंक खातों का इस्तेमाल कमीशन के बदले ड्रग्स की रकम के लेन-देन के लिए करता था।

93 आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन

रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने साल 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पिछले 6 महीनों में आरोपियों के बैंक खातों से करीब 2 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ है। फिलहाल पुलिस इन ट्रांजेक्शनों की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम सन्नी शर्मा (तिलक नगर, दिल्ली) और तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स (नाइजीरिया) हैं। नाइजीरियन आरोपी पहले भी 2024-25 में वीजा उल्लंघन के मामले में दिल्ली में जेल जा चुका है।

NDPS एक्ट में केस दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत अपराध क्रमांक 33/26 दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस एंड-टू-एंड ऑपरेशन के जरिए कोकीन सप्लाई करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *