कोरबा-चांपा मार्ग पर पांच दिन पहले हुए भीषण सड़क हादसे में सोनी परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन काशीनगर स्थित उनके निवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना दी।
यह हादसा पांच दिन पहले कोरबा-चांपा मार्ग पर हुआ था। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर में सोनी परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से काशीनगर क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
मंत्री ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस
शनिवार को मंत्री लखन लाल देवांगन सोनी परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परिजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और इस घटना को बेहद दुखद बताया।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना
मंत्री इसके बाद अस्पताल पहुंचे। वहां उपचाररत घायलों से मुलाकात की। डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग रहे मौजूद
इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, पार्षद धन कुमारी गर्ग, गुलजार सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने सोनी परिवार के प्रति संवेदना जताई।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठी मांग
हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के मजबूत इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।