पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु (28) ग्राम बरभौना का निवासी है और उसका आपराधिक इतिहास काफी गंभीर रहा है। उस पर पहले से दुष्कर्म और डकैती जैसे मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। जेल से जमानत पर छूटने के बाद वह फरार चल रहा था और इसी दौरान सट्टा रैकेट संचालित कर रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कुरकुट नदी पुल के पास घेराबंदी की और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। उस समय वह Indian Premier League के मैच के दौरान बॉल-टू-बॉल ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। जांच में उसके मोबाइल फोन से सट्टे से जुड़े डिजिटल सबूत, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और चैट रिकॉर्ड भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक अन्य युवक रुपधर पटेल (22) ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर सट्टा खेल रहा था। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके मोबाइल से भी लेन-देन और चैट से जुड़े सबूत मिले हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और नगदी सहित करीब 82 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि ऐसे गैरकानूनी कामों से दूर रहें, वरना सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
यह कार्रवाई एक बार फिर यह संदेश देती है कि पुलिस अब तकनीकी अपराधों और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर भी सख्ती से नजर बनाए हुए है।