Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा नाट्य कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग (एसईडी) द्वारा कार्यस्थल सुरक्षा संस्कृति एवं सामुदायिक जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा नाट्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (आरएसएम एवं आरटीएस) श्री तीर्थंकर दस्तीदार रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं मुख्य महाप्रबंधकगण सहित सेक्टर-10 स्थित बीएसपी विद्यालय के प्राचार्य एवं प्रधान अध्यापक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी के स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सतत सुरक्षा शिक्षा एवं सक्रिय सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री तीर्थंकर दस्तीदार ने सेफ्टी इंजीनियरिंग विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक साझा जिम्मेदारी है, जो कार्यस्थल से आगे बढ़कर दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए।

रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग द्वारा प्रस्तुत “सुरक्षा की देवी और दुर्घटना का बादशाह” तथा इप्टा द्वारा प्रस्तुत “सतर्कता ही बचाव है” ने प्रभावी ढंग से यह दर्शाया कि लापरवाही एवं असुरक्षित व्यवहार दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, जबकि सतर्कता एवं सुरक्षा मानकों का पालन जोखिमों को काफी हद तक कम कर सकता है। इस कार्यक्रम में रचनात्मक स्किट प्रस्तुतियों के साथ-साथ सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, संविदा कर्मियों एवं विद्यार्थियों को सृजनात्मक एवं ज्ञानवर्धक माध्यमों के जरिए सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक आयाम जोड़ते हुए सेफ्टी जागरूकता गीत “सेल के कर्मवीरों, सुरक्षित कार्य करो” की प्रस्तुति श्री रमेश कुमार (एसईडी) द्वारा दी गई, जिसने प्रतिभागियों को सुरक्षा को अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर दिनांक 17 अप्रैल 2026 को सेक्टर-10 बीएसपी विद्यालय में आयोजित सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता (कक्षा 9 एवं 10) के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षा विषयक ज्ञान आधारित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक प्रभारी (एसईडी) श्री एस. के. अग्रवाल द्वारा दिया गया, जिसमें उन्होंने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कलाकारों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समन्वयन सहायक महाप्रबंधक (एसईडी) श्री अजय टल्लू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *