Xiaomi ने ग्लोबल मार्केट में अपनी नई स्मार्टवॉच Redmi Watch 6 लॉन्च कर दी है। कंपनी का दावा है कि यह स्मार्टवॉच एक बार फुल चार्ज होने पर 24 दिनों तक चल सकती है। शानदार AMOLED डिस्प्ले, प्रीमियम डिजाइन, एडवांस हेल्थ फीचर्स और 150 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड के साथ आने वाली यह वॉच फिटनेस और डेली यूज़ दोनों के लिए एक शानदार विकल्प मानी जा रही है।
नई Redmi Watch 6 में 2.07 इंच का बड़ा AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 60Hz रिफ्रेश रेट और 324ppi पिक्सल डेंसिटी के साथ आता है। स्मार्टवॉच में बेहद पतले 2mm सिमेट्रिकल बेज़ेल दिए गए हैं, जिससे इसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 82% तक पहुंच जाता है। कंपनी के मुताबिक यह डिस्प्ले 2,000 nits तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन आसानी से देखी जा सकती है।
डिजाइन की बात करें तो Redmi Watch 6 को प्रीमियम लुक देने के लिए इसमें एल्युमिनियम एलॉय फ्रेम और यूनिबॉडी डिजाइन दिया गया है। इसकी मोटाई सिर्फ 9.9mm है, जो पिछली जेनरेशन की तुलना में और पतली बताई जा रही है। वॉच में स्टेनलेस स्टील डायल और एक अतिरिक्त फिजिकल बटन भी दिया गया है, जिससे कंट्रोल सेंटर, रीस्टार्ट मेन्यू और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट जैसे फीचर्स एक्सेस किए जा सकते हैं।
बैटरी इस स्मार्टवॉच की सबसे बड़ी खासियत मानी जा रही है। Redmi Watch 6 में 550mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि हल्के इस्तेमाल में यह 24 दिन तक चल सकती है, जबकि सामान्य उपयोग में 12 दिन और भारी उपयोग में करीब 7 दिन का बैकअप देती है। इसके अलावा वॉच में 20 से ज्यादा वाइब्रेशन पैटर्न वाला लीनियर मोटर भी दिया गया है, जो नोटिफिकेशन और हेल्थ अलर्ट्स को बेहतर तरीके से महसूस कराने में मदद करता है।
फिटनेस लवर्स के लिए भी इस स्मार्टवॉच में कई एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं। Redmi Watch 6 में 150 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड, 5ATM वॉटर रेसिस्टेंस और इंडिपेंडेंट GNSS सपोर्ट दिया गया है। डुअल L1 एंटेना और पांच नेविगेशन सिस्टम की मदद से यह वॉच ज्यादा सटीक लोकेशन ट्रैकिंग प्रदान करती है। कंपनी का कहना है कि यह यूज़र के पहनने के तरीके के हिसाब से सबसे मजबूत सिग्नल वाला एंटेना अपने आप चुन सकती है।
हेल्थ फीचर्स की बात करें तो इसमें 24×7 हार्ट रेट मॉनिटरिंग, ब्लड ऑक्सीजन ट्रैकिंग, स्ट्रेस मॉनिटरिंग, स्लीप एनालिसिस, ब्रीदिंग एक्सरसाइज और महिलाओं के हेल्थ मैनेजमेंट जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा यह असामान्य हार्ट रेट और लो ब्लड ऑक्सीजन लेवल पर अलर्ट भी भेज सकती है।
Redmi Watch 6 NFC वर्जन में कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का सपोर्ट भी दिया गया है, जिसमें Mastercard और Visa कार्ड के जरिए पेमेंट की जा सकती है। फिलहाल NFC मॉडल सिर्फ पोलैंड में उपलब्ध कराया गया है।
कीमत की बात करें तो Redmi Watch 6 के स्टैंडर्ड मॉडल की शुरुआती कीमत PLN 449, RON 519 और THB 3,190 रखी गई है। कंपनी ने इसे फिलहाल पोलैंड, रोमानिया और थाईलैंड जैसे ग्लोबल मार्केट्स में लॉन्च किया है। आने वाले समय में इसे दूसरे देशों में भी उपलब्ध कराया जा सकता है।