Meta Pixel

रायपुर में सनसनीखेज डबल मर्डर: पत्नी से विवाद के बाद बाउंसर ने दो सालियों को मारी गोली, थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Spread the love

रायपुर के मोवा इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया। घरेलू विवाद और पत्नी पर शक के चलते एक बाउंसर ने अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

मृतकों की पहचान गीतांजलि (26) और दुर्गेश्वरी (24) के रूप में हुई है। आरोपी का नाम जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू बताया जा रहा है, जो पेशे से बाउंसर है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी पत्नी खिलेश्वरी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद से नाराज होकर पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। देर रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच आरोपी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मोवा बाजार स्थित ससुराल पहुंच गया। वहां वह बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

इसी दौरान उसकी सालियां गीतांजलि और दुर्गेश्वरी बाहर आईं और उसे शांत रहने व वापस लौटने के लिए समझाने लगीं। इसी बात से आरोपी भड़क गया और उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ी। दूसरी गोली दुर्गेश्वरी की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बहनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली लगने के बाद दोनों बहनें बुरी तरह तड़प रही थीं।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि उसने घर के बाहर सड़क पर हवाई फायरिंग भी की और फिर सीधे थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।

पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी पर शक करता था और इसी वजह से परिवार में लगातार विवाद होते रहते थे। मंगलवार की रात भी ससुराल पहुंचने के बाद उसका परिवार वालों से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना पूरी तरह घरेलू विवाद से जुड़ी हुई है। मयंक गुर्जर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल से गोलियां और खाली कारतूस भी बरामद कर चुकी है।

इस डबल मर्डर की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

माथे पर गोली लगने के बाद साली ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ा।
माथे पर गोली लगने के बाद साली ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ा।
दूसरी साली घायल अवस्था में पड़ी घर के फर्श पर पड़ी रही।
दूसरी साली घायल अवस्था में पड़ी घर के फर्श पर पड़ी रही।
मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया था।
मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *