Google 12 मई को होने वाले अपने बड़े इवेंट ‘The Android Show’ को लेकर चर्चा में बना हुआ है। इस इवेंट में एंड्रॉयड इकोसिस्टम से जुड़े कई बड़े अपडेट्स और नए फीचर्स पेश किए जाने की उम्मीद है। लेकिन इवेंट से पहले सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा शुरू हो गई थी। दावा किया जा रहा था कि गूगल अब एंड्रॉयड का लुक बदलकर Apple के कथित ‘Liquid Glass’ डिजाइन जैसा बनाने जा रहा है। हालांकि अब कंपनी के अधिकारियों ने इन अफवाहों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है।
दरअसल, एंड्रॉयड प्रमुख समीर समत ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक 15 सेकंड का टीजर वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में एंड्रॉयड रोबोट एक लाइट स्विच खींचता दिखाई देता है, जिसके बाद उसका शरीर ग्लास की तरह पारदर्शी नजर आने लगता है। इसी विजुअल को देखकर कई यूजर्स ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि शायद गूगल भी एप्पल की तरह किसी ‘लिक्विड ग्लास’ स्टाइल इंटरफेस पर काम कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ यूजर्स ने चिंता जताई कि कहीं एंड्रॉयड अपनी अलग पहचान छोड़कर एप्पल जैसे डिजाइन की ओर तो नहीं बढ़ रहा। हालांकि इन तमाम अटकलों पर अब गूगल ने खुद जवाब दिया है।
समीर समत और टेक एक्सपर्ट मिशाल रहमान ने इन अफवाहों को पूरी तरह गलत बताया है। एंड्रॉयड प्रमुख ने साफ कहा कि कंपनी एप्पल से प्रेरित किसी ‘लिक्विड ग्लास’ डिजाइन को अपनाने नहीं जा रही है। इससे एंड्रॉयड यूजर्स को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि कई लोग एंड्रॉयड की मौजूदा पहचान और डिजाइन भाषा को पसंद करते हैं।
दरअसल पिछले साल ही गूगल ने एंड्रॉयड में ‘Material 3 Expressive’ नाम का नया विजुअल स्टाइल पेश किया था, जिसे काफी पसंद किया गया। इस डिजाइन में स्मूद एनिमेशन, आकर्षक ब्लर इफेक्ट्स, नए आइकन स्टाइल और ज्यादा कस्टमाइजेशन वाले क्विक सेटिंग्स फीचर्स दिए गए थे। माना जा रहा है कि कंपनी आने वाले एंड्रॉयड वर्जन में इसी डिजाइन लैंग्वेज को और बेहतर बनाएगी।
अब सभी की नजरें 12 मई को होने वाले ‘The Android Show’ पर टिकी हैं। भारतीय समयानुसार यह इवेंट रात 10:30 बजे शुरू होगा और इसका लाइव प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दौरान Android 17 से जुड़े कई अहम फीचर्स और बदलावों की घोषणा हो सकती है।
इसके अलावा गूगल के नए डेस्कटॉप-केंद्रित प्रोजेक्ट ‘Aluminium OS’ को लेकर भी काफी चर्चा है। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इस इवेंट में इस प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी साझा कर सकती है। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि गूगल इस बार यूजर्स को कुछ बड़े सरप्राइज भी दे सकता है।