छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में प्रेमी-प्रेमिका द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। घटना में युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जबकि युवती की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह घटना डौंडी थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान ग्राम कुम्हालोरी निवासी 23 वर्षीय जितेश्वर हल्बा और ग्राम साल्हे निवासी 17 वर्षीय लिलिशा उइके के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती 10वीं कक्षा की छात्रा थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम से लिलिशा घर से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत डौंडी थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे दल्लीराजहरा–अंतागढ़ रेल मार्ग पर सलहाईटोला स्टॉपेज के पास दोनों ने पैसेंजर ट्रेन क्रमांक 78823 के सामने कूदकर जान दे दी।
ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का एक हाथ और सिर धड़ से अलग हो गया। शरीर के कई हिस्से कटकर अलग हो गए थे। युवती का शव भी पटरी के पास मिला।
घटना के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत आरपीएफ को सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर CG 07 LU 9886 नंबर की बाइक भी बरामद हुई है, जिसे मृतक युवक की बताया जा रहा है।
उमा ठाकुर, थाना प्रभारी डौंडी के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।