कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार अंदाज में वापसी करने जा रही हैं। फिल्म इमरजेंसी के बाद अब उन्होंने अपनी नई पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म भारत भाग्य विधाता का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फिल्म का पहला पोस्टर और रिलीज डेट सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
कंगना ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में “मुंबई अंडर अटैक” और “हॉस्पिटल्स ऑन हाई अलर्ट” जैसी हेडलाइंस दिखाई गई हैं, जो किसी बड़े आतंकी हमले और उससे जुड़े तनावपूर्ण माहौल की ओर इशारा करती हैं। पोस्टर में अस्पताल का स्टाफ अफरा-तफरी के बीच लोगों की जान बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर शेयर करते हुए कंगना ने इसे “आम लोगों की असाधारण कहानी” बताया। उन्होंने लिखा कि यह फिल्म उस रात की कहानी दिखाती है जब डर से ऊपर इंसानियत खड़ी थी, जब जिम्मेदारी ने बलिदान का रूप लिया और जब एकता ने कई लोगों की जिंदगी बचाई।
कंगना रनौत के मुताबिक असली बहादुरी हमेशा शोर मचाकर नहीं दिखाई जाती, बल्कि कई बार लोग चुपचाप अपना कर्तव्य निभाकर भी नायक बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि “भारत भाग्य विधाता” उन गुमनाम हीरोज की कहानी है, जिन्होंने मुश्किल हालात में आतंक और इंसानियत के बीच खड़े होकर लोगों की रक्षा की।
फिल्म में उन लोगों की कहानी दिखाई जाएगी, जिन्होंने संकट की घड़ी में अपने फर्ज को सेवा और बलिदान में बदल दिया। पोस्टर और थीम को देखकर माना जा रहा है कि फिल्म भावनात्मक, देशभक्ति और इंसानी साहस से भरपूर हो सकती है।
कंगना की इस घोषणा के बाद फैंस सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। कई यूजर्स ने पोस्टर की तारीफ करते हुए इसे कंगना की एक और दमदार फिल्म बताया है।