भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज फिलहाल शुरू होने की कोई संभावना नहीं है। खेल मंत्रालय ने बुधवार को नए दिशा-निर्देश जारी करते हुए साफ कर दिया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल मुकाबलों पर लगी रोक जारी रहेगी।
सरकार के फैसले के मुताबिक, भारतीय टीम किसी भी खेल में पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी और पाकिस्तान की टीम को भी भारत में द्विपक्षीय सीरीज खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद बढ़े तनावपूर्ण रिश्तों के बीच यह फैसला अहम माना जा रहा है।
मल्टी-नेशन टूर्नामेंट के लिए राहत
हालांकि, सरकार ने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स को लेकर राहत दी है। अगर भारत में कोई मल्टी-नेशन इवेंट आयोजित होता है, तो उसमें हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के खिलाड़ियों को भारत आने की अनुमति होगी।
यानी ICC, एशियन या ओलंपिक स्तर के बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान की भागीदारी पर रोक नहीं रहेगी।
भारत को स्पोर्ट्स हब बनाने की तैयारी
खेल मंत्रालय ने विदेशी खिलाड़ियों, अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ के लिए वीजा प्रक्रिया आसान बनाने का भी फैसला लिया है। सरकार का उद्देश्य भारत को एक बड़ा वैश्विक स्पोर्ट्स हब बनाना है।
मंत्रालय का मानना है कि आने वाले वर्षों में बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों और ओलंपिक मेजबानी की तैयारी के लिहाज से यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।
सभी खेल संस्थाओं को दिए निर्देश
जारी सर्कुलर में राष्ट्रीय खेल महासंघों (NSFs), भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) को इन नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कई वर्षों से कोई द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली गई है और नए निर्देशों के बाद निकट भविष्य में भी इसकी संभावना कम नजर आ रही है।