जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुनसान जगह पर ले जाकर की गलत हरकत
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना बागबहार में मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि, दो युवकों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ गलत हरकत की। घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।
इन दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों आकाश कुजूर (18 वर्ष) और नितेश कुजूर (22 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए आगे की जांच जारी है।
आरोपियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई
मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि, महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।