अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंठी में सड़क किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी दरिमा पुलिस को दी।
सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के मुताबिक, सुबह जब ग्रामीण सड़क से गुजर रहे थे, तब उन्होंने एक महिला को सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ थी महिला
मृत महिला की पहचान 45 वर्षीय शांति के रूप में हुई है, जो बकालो गांव की रहने वाली बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर आसपास के क्षेत्रों में भटकती रहती थी।
पुलिस कर रही वाहन चालक की तलाश
दरिमा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।