Meta Pixel

रायपुर में IPL मैच : चीफ सेक्रेटरी ने संभाली तैयारियों की कमान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए कड़े निर्देश

Spread the love

रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल टी-20 मैचों के सफल आयोजन के लिए राज्य प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय में विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की और आयोजन से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव के इन कड़े निर्देशों के बाद अब नवा रायपुर का प्रशासन क्रिकेट के इस महाकुंभकी मेजबानी के लिए पूरी तरह मुस्तैद है, जिससे दर्शकों को एक सुरक्षित और आनंदमयी अनुभव मिल सके। 

मैचों का शेड्यूल
10 मई को रॉयल चेलेंजर्स बेंगलुरु बनाम मुंबई इंडियंस और 13 मई को रॉयल चेलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के मध्य मैच खेला जाएगा।

आपातकालीन सेवाएं
फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए इमरजेंसी रूट चिन्हांकित किए जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), आयुक्त नगर निगम, संचालक (खेल एवं युवा कल्याण), क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, और एनआरडीए सीईओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यद्यपि संपूर्ण आयोजन का उत्तरदायित्व बीसीसीआई और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ का है, लेकिन प्रशासन पेयजल,बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।

बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्टेडियम में पानी के सुचारू प्रवाह और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। बिजली विभाग को मैचों के दौरान छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि स्टेडियम में आने वाले हजारों दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद रायपुर पहुंचने वाली दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कमिश्नर रायपुर को विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग एरिया और स्टेडियम के चारों ओर सीसीटीवी कैमरों का सघन जाल बिछाया जाएगा। बैरिकेडिंग और पार्किंग की जिम्मेदारी पुलिस, एनआरडीए और बीसीसीआई की संयुक्त टीम संभालेगी।

आईपीएल मैच में पार्किंग की व्यवस्था एवं सामान की ओवररेटिंग पर प्रशासन सख्त
राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैच की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्टर गौरव सिंह ने बैठक लेकर समीक्षा की। इस बैठक में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मैच के दौरान पार्किंग की व्यवस्था एवं सामान की ओवररेटिंग की निगरानी की जाए, ताकि मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों को किसी भी तरह से परेशानी न हो तथा सही कीमत पर सामान मिल सके।

सभी गेट पर वालेंटियर रखने के निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि,  यह छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने बैठक में कहा कि पुलिस अधिकारियों से समन्वय कर सुरक्षा एवं ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मैदान के एंट्री प्वाइंट पर वालेंटियर की तैनाती करें तथा वाईफाई एवं इंटरनेट की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए ताकि दर्शकों को प्रवेश में किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि मैदान में खिलाड़ियों के साथ दर्शकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रहें। प्रशासन की एसओपी का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। आपदा के समय क्या किया जाए, इसकी कार्ययोजना पहले से तैयार रखें। डॉ. सिंह ने कहा कि आग से बचाव के लिए आवश्यक उपकरणों का अनिवार्य रूप से इंतजाम किया जाए तथा जिला सेनानी से समन्वय स्थापित कर उपकरणों का पूर्व परीक्षण कर लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *