दुर्ग, 07 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता को सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से लगातार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 8 मई (शुक्रवार) को जिले में विभिन्न स्थानों पर जनसमस्या निवारण शिविर लगेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत जनपद पंचायत दुर्ग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, ढौर में शिविर लगाया जाएगा, जहाँ स्थानीय नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इसी प्रकार नगरीय निकायों में भी प्रशासन द्वारा शिविरों की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। नगर पालिक निगम भिलाई के अंतर्गत मुख्य कार्यालय सुपेला में शिविर आयोजित होगा। साथ ही नगर पालिका परिषद जामुल के वार्ड क्रमांक 06 स्थित हाई स्कूल डोम शेड में भी शिविर का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।