जापानी लग्जरी कार निर्माता Lexus ने अपनी पहली थ्री-रो इलेक्ट्रिक एसयूवी Lexus TZ से आधिकारिक तौर पर पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को “ड्राइविंग लाउंज” कॉन्सेप्ट पर तैयार किया है, जिसमें यात्रियों के आराम, प्रीमियम फील और शांत केबिन पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया गया है। यह नई इलेक्ट्रिक SUV लेक्सस की मौजूदा RZ लाइन-अप से ऊपर पोजिशन की गई है और इसे कंपनी की सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक पेशकशों में शामिल माना जा रहा है।
नई Lexus TZ का डिजाइन काफी मॉडर्न और एयरोडायनामिक रखा गया है। फ्रंट प्रोफाइल में इलेक्ट्रिक वाहनों की पहचान वाली क्लोज्ड-ऑफ ग्रिल दी गई है, जिसके बीच में चमकता हुआ Lexus लोगो इसे बेहद प्रीमियम लुक देता है। C-शेप हेडलैंप और L-शेप DRLs इसकी रोड प्रजेंस को और ज्यादा दमदार बनाते हैं। SUV में फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल्स और 20 या 22 इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो इसकी स्टाइल और परफॉर्मेंस दोनों को बेहतर बनाते हैं।
रियर डिजाइन भी काफी आकर्षक रखा गया है। पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में फैली LED लाइट बार दी गई है, जिस पर Lexus ब्रांडिंग देखने को मिलती है। कंपनी इसे 11 अलग-अलग कलर ऑप्शन में पेश करेगी, जिसमें नया “सोनिक टेलस” खाकी ग्रीन शेड खास आकर्षण माना जा रहा है।
अगर स्पेस की बात करें तो यह इलेक्ट्रिक SUV फैमिली यूज के हिसाब से काफी प्रैक्टिकल है। तीनों सीट रो इस्तेमाल होने पर इसमें 290 लीटर बूट स्पेस मिलता है, जबकि पीछे की दोनों सीट रो फोल्ड करने पर यह स्पेस बढ़कर 2017 लीटर तक पहुंच जाता है।
इंटीरियर की बात करें तो Lexus TZ का केबिन किसी प्रीमियम लाउंज जैसा अनुभव देता है। कंपनी का दावा है कि यह अब तक की सबसे शांत Lexus SUV है। दूसरी पंक्ति में हीटेड और वेंटिलेटेड कैप्टन सीट्स दी गई हैं, जिनमें ओटोमन एक्सटेंशन फीचर भी मिलता है ताकि लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों को अधिक आराम मिल सके।
डैशबोर्ड को बेहद मॉडर्न डिजाइन दिया गया है। इसमें बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और हेड-अप डिस्प्ले जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ केबिन को और ज्यादा खुला और प्रीमियम फील देता है।
प्रीमियम फीचर्स में 21-स्पीकर वाला Mark Levinson साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग और टच-सेंसिटिव कंट्रोल्स दिए गए हैं, जो हाथ पास ले जाते ही रोशन हो जाते हैं। सुरक्षा के लिए इसमें लेवल-2 ADAS और 360 डिग्री कैमरा जैसे एडवांस फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
लेक्सस ने इस SUV को पर्यावरण के लिहाज से भी खास बनाया है। केबिन में जापानी बांस और बायो-बेस्ड अल्ट्रा-साबर जैसे टिकाऊ और सस्टेनेबल मैटेरियल्स का इस्तेमाल किया गया है।
परफॉर्मेंस के मामले में भी Lexus TZ काफी दमदार दिखाई देती है। इसे खास EV प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है और इसमें दो बैटरी पैक विकल्प दिए गए हैं—76.96kWh और 95.8kWh। बड़ी बैटरी पैक के साथ यह SUV फुल चार्ज पर 530 किलोमीटर तक की WLTP रेंज देने का दावा करती है।
इसमें डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है, जो 408hp की पावर जनरेट करता है। इसकी मदद से यह लग्जरी SUV केवल 5.4 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
चार्जिंग के लिए इसमें 150kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है, जिससे अनुकूल परिस्थितियों में बैटरी को केवल 35 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें व्हीकल-टू-होम (V2H) फीचर भी दिया गया है, जिसकी मदद से जरूरत पड़ने पर SUV की बैटरी से घर को बिजली सप्लाई की जा सकती है।
नई Lexus TZ लग्जरी, टेक्नोलॉजी, स्पेस और इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस का शानदार कॉम्बिनेशन मानी जा रही है। यह उन ग्राहकों को टारगेट करेगी जो प्रीमियम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के साथ फैमिली-कम्फर्ट और एडवांस फीचर्स चाहते हैं।