संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा 2026 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद जारी हुई इस मेरिट लिस्ट में कुल 148 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इस बार बसवराज केमपावड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की है और पूरे देश में टॉप किया है। वहीं टॉप-10 सफल उम्मीदवारों की सूची में केवल एक महिला अभ्यर्थी अपनी जगह बना सकी, जिसने इस परिणाम को लेकर नई चर्चा भी शुरू कर दी है।
UPSC द्वारा जारी जानकारी के अनुसार भारतीय वन सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा 16 नवंबर से 23 नवंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इस कठिन परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण यानी पर्सनैलिटी टेस्ट के लिए बुलाया गया था। इंटरव्यू प्रक्रिया 6 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक चली। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर आयोग ने अंतिम मेरिट सूची तैयार की है।
इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत जनवरी 2025 में हुई थी, जब आयोग ने आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। उम्मीदवारों को 21 फरवरी 2025 तक आवेदन करने का मौका दिया गया था। इसके बाद 25 मई 2025 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम 11 जून 2025 को घोषित किया गया था। कई चरणों से गुजरने के बाद आखिरकार अब अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है।
आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल 148 उम्मीदवारों को चयनित किया गया है। इनमें सामान्य वर्ग के 42 उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के 21, अन्य पिछड़ा वर्ग यानी OBC के 52, अनुसूचित जाति यानी SC के 22 और अनुसूचित जनजाति यानी ST वर्ग के 11 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।
UPSC ने यह भी जानकारी दी है कि PwBD-1 श्रेणी की दो सीटों को अगले भर्ती वर्ष के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। आयोग के मुताबिक इस श्रेणी में उपयुक्त उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हो सके, जिसके कारण सीटें फिलहाल खाली रखी गई हैं। वहीं एक उम्मीदवार का परिणाम अभी रोक दिया गया है।
रिजल्ट जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। UPSC IFS परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाती है। इस सेवा के जरिए चयनित अधिकारी देश के जंगलों, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी संभालते हैं।
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवारों को UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Final Result Indian Forest Service Examination 2026” लिंक पर क्लिक करके पूरी PDF डाउनलोड की जा सकती है। उम्मीदवार अपने नाम या रोल नंबर की मदद से रिजल्ट चेक कर सकते हैं।