Lionel Messi ने ब्राजील के स्टार फुटबॉलर Neymar को लेकर बड़ा बयान दिया है। मेसी ने उम्मीद जताई है कि लगातार चोटों से जूझ रहे नेमार आगामी FIFA World Cup 2026 में जरूर खेलेंगे। उन्होंने कहा कि नेमार आज भी दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल हैं और फुटबॉल जगत के लिए उनका मैदान पर होना बेहद जरूरी है।
एक इंटरव्यू के दौरान मेसी ने कहा कि वह चाहते हैं कि विश्व कप में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खेलें और नेमार उनमें हमेशा शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा, “ब्राजील और फुटबॉल दोनों के लिए नेमार बहुत मायने रखते हैं। उन्हें विश्व कप में खेलते देखना शानदार होगा और मुझे उम्मीद है कि वह वहां जरूर होंगे।”
मेसी ने स्वीकार किया कि नेमार के साथ उनकी गहरी दोस्ती की वजह से उनके लिए इस मामले में पूरी तरह निष्पक्ष रहना मुश्किल है। उन्होंने कहा, “नेमार मेरा दोस्त है और जाहिर तौर पर मैं चाहता हूं कि उसके साथ अच्छी चीजें हों। वह जैसा इंसान है, उसके लिए वह सब डिजर्व करता है।”
मेसी ने नेमार के व्यक्तित्व की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नेमार बेहद नैचुरल इंसान हैं और वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीते हैं। मेसी के मुताबिक, “उसमें एक अलग करिश्मा है। वह दिखावा नहीं करता और जैसा महसूस करता है वैसा ही जीवन जीता है।”
दरअसल, नेमार पिछले कुछ समय से लगातार चोटों से परेशान चल रहे हैं। अपने बचपन के क्लब Santos FC में वापसी के बाद भी वह फिटनेस समस्याओं से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस साल वह केवल 12 मुकाबले ही खेल सके हैं। वहीं 2025 में उन्होंने कुल 28 मैच खेले थे।
ब्राजील के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी नेमार अक्टूबर 2023 के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर नहीं उतरे हैं। उरुग्वे के खिलाफ विश्व कप क्वालिफायर मैच के दौरान उन्हें एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट यानी ACL इंजरी हुई थी, जिसके बाद से वह टीम से बाहर चल रहे हैं।
मेसी और नेमार की दोस्ती फुटबॉल जगत में काफी चर्चित रही है। दोनों ने 2013 से 2017 तक FC Barcelona के लिए साथ खेला था। इसके बाद 2021 से 2023 तक दोनों Paris Saint-Germain में भी टीममेट रहे।
इंटरव्यू में मेसी ने अर्जेंटीना की विश्व कप तैयारियों पर भी बात की। आठ बार बैलन डी’ओर जीत चुके मेसी ने माना कि 2022 का खिताब बचाना आसान नहीं होगा। उन्होंने Spain, France और Brazil को आगामी विश्व कप का मजबूत दावेदार बताया।
मेसी ने कहा कि विश्व कप हमेशा बेहद कठिन टूर्नामेंट होता है क्योंकि इसमें दुनिया की सबसे मजबूत टीमें हिस्सा लेती हैं। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना के फैंस हमेशा उम्मीद रखते हैं, लेकिन यह भी सच है कि कई दूसरी टीमें बेहद मजबूत नजर आ रही हैं।
फुटबॉल प्रेमियों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या नेमार पूरी तरह फिट होकर विश्व कप में वापसी कर पाएंगे। अगर ऐसा होता है तो यह टूर्नामेंट एक बार फिर मेसी और नेमार जैसे दिग्गज सितारों की मौजूदगी से और भी रोमांचक हो जाएगा।