Central Board of Secondary Education यानी CBSE जल्द ही कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी करने जा रहा है। देशभर के लाखों छात्र और उनके परिवार रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि बोर्ड की ओर से अभी आधिकारिक तारीख और समय की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 12 मई तक परिणाम जारी किए जा सकते हैं। ऐसे में छात्रों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।
इस वर्ष CBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। भारत के अलावा विदेशों में मौजूद सीबीएसई स्कूलों के छात्रों ने भी इन परीक्षाओं में हिस्सा लिया था। अब परीक्षा खत्म होने के बाद सभी की नजरें रिजल्ट डेट पर टिकी हुई हैं।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों के जरिए अपना स्कोरकार्ड आसानी से देख सकेंगे। छात्र CBSE Official Website, Results Portal, DigiLocker और UMANG App Portal पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं।
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “CBSE Class 12 Result 2026” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रोल नंबर, स्कूल नंबर, जन्म तिथि और एडमिट कार्ड आईडी जैसी जरूरी जानकारी भरनी होगी। सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे भविष्य के लिए रिजल्ट की डिजिटल कॉपी सेव कर लें और प्रिंटआउट भी निकालकर रखें।
अगर वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक की वजह से दिक्कत आती है, तो छात्र दूसरे माध्यमों से भी अपना परिणाम देख सकते हैं। डिजीलॉकर के जरिए डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। इसके अलावा SMS और IVRS सेवा का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। छात्र अपने मोबाइल से निर्धारित फॉर्मेट में मैसेज भेजकर रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं, जबकि IVRS कॉल सेवा के जरिए फोन पर भी परिणाम सुना जा सकेगा।
बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि ऑनलाइन उपलब्ध रिजल्ट केवल तत्काल जानकारी के लिए होगा। छात्रों की ओरिजिनल मार्कशीट और प्रमाण पत्र बाद में संबंधित स्कूलों के जरिए उपलब्ध कराए जाएंगे। रिजल्ट जारी होने के कुछ दिनों बाद स्कूलों को आधिकारिक दस्तावेज भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अब लाखों छात्रों की निगाहें सीबीएसई की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं और हर कोई अपने मेहनत के नतीजे का इंतजार कर रहा है।