Meta Pixel

Honda NX500 E-Clutch भारत में लॉन्च, अब गियर बदलने के लिए क्लच दबाने की जरूरत नहीं

Spread the love

जापानी टू-व्हीलर कंपनी Honda ने भारतीय बाजार में अपनी नई Honda NX500 E-Clutch बाइक लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस एडवेंचर टूरर मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत ₹7.44 लाख रखी है। नई NX500 की सबसे बड़ी खासियत इसकी E-Clutch टेक्नोलॉजी है, जिसकी मदद से राइडर को गियर बदलते समय क्लच लीवर दबाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Honda की यह नई तकनीक खासतौर पर ट्रैफिक और लंबी राइड्स को आसान बनाने के लिए डिजाइन की गई है। कंपनी ने इसमें इलेक्ट्रॉनिक एक्ट्यूएटर्स का इस्तेमाल किया है, जो गियर शिफ्ट करते समय और बाइक को रोकने या आगे बढ़ाने के दौरान क्लच को ऑटोमैटिक तरीके से ऑपरेट करते हैं। यानी राइडर बिना क्लच दबाए आसानी से गियर बदल सकता है।

हालांकि Honda ने इसमें मैनुअल कंट्रोल का विकल्प भी दिया है। राइडर जब चाहे क्लच लीवर का इस्तेमाल खुद कर सकता है। बाइक में क्लच लीवर और गियर पैडल दोनों मौजूद हैं। कंपनी का कहना है कि E-Clutch सिस्टम काफी कॉम्पैक्ट बनाया गया है, जिसकी वजह से बाइक का वजन सिर्फ 3 किलो बढ़ा है। अब इस मोटरसाइकिल का कुल वजन 199 किलोग्राम हो गया है।

कीमत की बात करें तो नया E-Clutch वेरिएंट पुराने कन्वेंशनल क्लच मॉडल से करीब ₹1.11 लाख महंगा है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला BMW F 450 GS और Kawasaki Versys 650 जैसी एडवेंचर बाइक्स से माना जा रहा है। Honda NX500 अपनी मजबूत बिल्ड क्वालिटी और कम मेंटेनेंस कॉस्ट के लिए पहले से ही काफी लोकप्रिय मानी जाती है।

इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो कंपनी ने इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। बाइक में वही 471cc ट्विन-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 8,500 rpm पर 47hp की पावर जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।

राइडिंग को बेहतर बनाने के लिए बाइक में फ्रंट पर USD फोर्क और रियर में मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए हैं। वहीं ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 296mm ड्यूल डिस्क ब्रेक और रियर में 240mm सिंगल डिस्क ब्रेक मिलता है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें डुअल चैनल ABS भी दिया गया है।

Honda NX500 E-Clutch को कंपनी ने व्हाइट और ब्लैक दो रंगों में लॉन्च किया है। इसकी बुकिंग देशभर की Honda BigWing डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है। फीचर्स की बात करें तो बाइक में 5-इंच TFT डिस्प्ले, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और स्मार्ट कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि इसमें राइडिंग मोड्स नहीं मिलते।

E-Clutch टेक्नोलॉजी को खासतौर पर उन राइडर्स के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जो शहर के ट्रैफिक में बार-बार क्लच दबाने से परेशान हो जाते हैं। यह सिस्टम राइडिंग को ज्यादा स्मूद और कम थकाने वाला अनुभव देने का दावा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *