रायपुर के Shaheed Veer Narayan Singh International Stadium में खेले गए Royal Challengers Bengaluru और Kolkata Knight Riders के मुकाबले के दौरान एक बार फिर अव्यवस्था और हंगामे की तस्वीरें सामने आईं। मैदान के अंदर जहां विराट कोहली की शतकीय पारी और RCB की जीत का जश्न चल रहा था, वहीं स्टेडियम के बाहर फैंस और सुरक्षाकर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
मैच देखने पहुंचे कई दर्शकों ने आरोप लगाया कि टिकट होने के बावजूद उन्हें स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया गया। इससे नाराज भीड़ धीरे-धीरे बेकाबू हो गई और गेट नंबर 2 पर भारी हंगामा शुरू हो गया। हालात ऐसे बने कि कुछ लोग गेट तोड़कर जबरन स्टेडियम के अंदर घुस गए। इनमें टिकटधारी और बिना टिकट वाले दोनों तरह के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने के आरोप भी लगे। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि मीडिया कर्मियों को भी वीडियो रिकॉर्डिंग करने से रोका गया।
बारिश की वजह से मैच तय समय से देरी से शुरू हुआ और मुकाबला रात 8:45 बजे शुरू किया गया। हालांकि तेज बारिश के बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में फैंस भीगते हुए स्टेडियम पहुंचे। कई लोग सिर्फ Virat Kohli को देखने और उनका समर्थन करने के लिए पहुंचे थे, जबकि कुछ दर्शक कोलकाता से KKR को सपोर्ट करने आए थे।
स्टेडियम के बाहर भगदड़ जैसे हालात भी देखने को मिले। एंट्री शुरू होते ही लोग दौड़ते हुए अंदर घुसने लगे। कई फैंस दीवार फांदकर स्टेडियम में प्रवेश करते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भीड़ को गेट धक्का देकर खोलते और सुरक्षाकर्मियों से बहस करते देखा जा सकता है।
मैच के दौरान स्टेडियम के अंदर माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय रहा। चौके-छक्कों पर फैंस जमकर हूटिंग करते रहे, सेल्फी लेते रहे और RCB की जीत का जश्न मनाते नजर आए। वहीं KKR समर्थक भी शंख बजाकर अपनी टीम का उत्साह बढ़ाते दिखे।
हालांकि एक बार फिर स्टेडियम के बाहर सुरक्षा और एंट्री व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले मुकाबलों में भी इसी तरह की अव्यवस्था देखने को मिली थी और अब लगातार दूसरी बार हुए हंगामे ने आयोजन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










