इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में शुक्रवार, 15 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मिली एकतरफा और धमाकेदार जीत के बाद लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) के खेमे के लिए एक निराश करने वाली खबर आई है। मैच में शानदार कप्तानी करने वाले ऋषभ पंत पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 12 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोक दिया है। यह कार्रवाई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान एलएसजी टीम द्वारा तय समय सीमा में ओवर पूरे न करने यानी स्लो ओवर रेट के चलते की गई है।
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 (न्यूनतम ओवर-रेट अपराध) के तहत लखनऊ की टीम का इस सीजन का यह पहला अपराध था, इसलिए कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आपको बता दें कि इस सीजन में स्लो ओवर रेट के चक्रव्यूह में फंसने वाले पंत अकेले कप्तान नहीं हैं। उनसे पहले पैट कमिंस, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल जैसे दिग्गज कप्तान भी इस वजह से जुर्माने की जद में आ चुके हैं।
लखनऊ की शानदार जीत
जुर्माने से अलग अगर मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जाइंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उनके 12वें मुकाबले में करारी शिकस्त दी। चेन्नई द्वारा दिए गए 188 रनों के लक्ष्य को लखनऊ ने महज 16.4 ओवरों में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलएसजी की इस विस्फोटक जीत के हीरो मिचेल मार्श रहे, जिन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 90 रनों की तूफानी पारी खेली।
पंत खुद बैटिंग करने क्यों नहीं आए?
मैच के बाद जब कप्तान ऋषभ पंत से पूछा गया कि लगातार तीन विकेट गिरने के बावजूद वे खुद बल्लेबाजी करने क्यों नहीं उतरे और उन्होंने अब्दुल समद तथा मुकुल चौधरी को अपने से ऊपर क्यों भेजा? तो पंत ने मुस्कुराते हुए इस रणनीतिक फैसले का खुलासा किया।
पंत ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में कहा, “मैं बल्लेबाजी के लिए पूरी तरह तैयार था और ड्रेसिंग रूम में बैठा था। तभी यह विचार आया कि क्यों न उन खिलाड़ियों को आजमाया जाए जिन्हें इस सीजन में ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। मैं बार-बार सोच रहा था कि ऐसा करूँ या नहीं, क्योंकि मैं खुद क्रीज पर जाना चाहता था। लेकिन कभी-कभी आपको टीम के थिंक-टैंक और गेम प्लान का सम्मान करना पड़ता है।” इसके साथ ही पंत ने युवा गेंदबाज आकाश सिंह की भी जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी मेहनत और प्लान पर टिके रहने की क्षमता रंग लाई।