Meta Pixel

विधायक रोहित साहू ने दिया सहारा : गंभीर बीमारी से पीड़ित तीन वर्षीय मासूम का डीकेएस में होगा ऑपरेशन

Spread the love

राजिम। संवेदनशील जनप्रतिनिधित्व की एक मिसाल पेश करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के एक मासूम बच्चे के इलाज की जिम्मेदारी उठाई है। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेहराडीह निवासी तीन वर्षीय युवराज नेताम जन्म से ही गंभीर बीमारी एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन से पीड़ित है। इस बीमारी में बच्चे का मलद्वार विकसित नहीं हो पाता, जिसके कारण उसे लगातार शारीरिक पीड़ा झेलनी पड़ रही थी।

आर्थिक तंगी के कारण उपचार नहीं 
युवराज के माता-पिता लंबे समय से बेटे के इलाज के लिए संघर्ष कर रहे थे, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और सही चिकित्सा का मार्गदर्शन नहीं मिलने से बच्चे का उपचार नहीं हो रहा था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से इसकी जानकारी विधायक रोहित साहू तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पहल की।

रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर बच्चे को तत्काल रायपुर भेजने के निर्देश दिए। उनके प्रयासों से युवराज को राजधानी स्थित डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे का जल्द ही ऑपरेशन किया जाएगा।

अस्पताल पहुंचकर विधायक ने जाना हालचाल
विधायक रोहित साहू स्वयं अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से मुलाकात कर बच्चे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को जल्द और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि इलाज में किसी प्रकार की देरी न हो।

हर गरीब परिवार के साथ खड़ी है सरकार– रोहित साहू
इस दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि जनसेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य है और क्षेत्र का हर नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी कमार जनजाति प्रदेश की अमूल्य धरोहर है और उनके बच्चों को इलाज के लिए परेशान होना पड़े, यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम जनमन योजना और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज न रुके।

ऑपरेशन की सफलता के लिए प्रार्थना
विधायक ने युवराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा प्रशासन और सरकार इस परिवार के साथ खड़ी है, उन्होंने विश्वास जताया कि ऑपरेशन सफल रहेगा और मासूम जल्द सामान्य जीवन जी सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *