Meta Pixel

बार एसोसिएशन का चुनाव : 71 प्रतिशत हुआ मतदान, आज शाम आएंगे परिणाम

Spread the love

रायपुर। जिला अधिवक्ता संघ के लिए शुक्रवार को काफी गहमा-गहमी के बीच मतदान हुआ। कुल 3 हजार 343 मतदाताओं में से दो हजार 350 वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से कुल 71 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। अध्यक्ष के लिए दिनेश कुमार देवांगन, कमलेश पाण्डेय तथा श्याम सुंदर ओझा भाग्य अजमा रहे हैं। कुल 16 पदों के लिए 66 उम्मीदवार अपना भाग्य अजमा रहे हैं।

बार एसोसिएशन का चुनाव इस बार काफी गहमा गहमी के बीच हुआ। बार एसोसिएशन के चुनाव में विवाद की स्थिति निर्मित होने की वजह से चुनाव को लेकर वकीलों के एक गुट ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर स्टे भी लगवाया था। हाईकोर्ट से अंतिम निर्णय आने के बाद चुनाव हुआ। बारिश की वजह से एक घंटा लेट से मतदान प्रारंभ होने की बात सामने आई है। मतदान में देर होने की वजह से मतदान के समय में एक घंटे की बढ़ोतरी की गई। चुनाव अधिकारी अलग-अलग पदों के उम्मीदवारों की नौ हजार से ज्यादा मतों की मतगणना करेंगे। इसीलिए चुनाव परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है।

अव्यवस्था से सीनियर वकील हुए परेशान
इस बार बूथ में एक हजार वोटरों की वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। इसके चलते वकीलों को घंटों लाइन में लग अपने मताधिकार का प्रयोग करना पड़ा। एक बूथ में एक हजार वोट डालने की व्यवस्था होने की वजह से सीनियर वकीलों का परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकी अपना मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे जूनियर वकीलों ने क्यू में लगे सीनियर वकीलों को पहले वोट देने जाने व्यवस्था की।

शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस बल की तैनाती
चुनाव में किसी तरह से गड़बड़ी न हो इस बात को ध्यान में रखते हुए कोर्ट परिसर के आस-पास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी बाहर से आने वाले संदिग्धों पर नजर रख रही थी। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में पहली बार कोषाध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित रखा गया था।

दूर दराज गांव से वोट डालने पहुंचे वकील
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में शहर के अलावा अभनपुर, आरंग, धरसींवा, खरोरा और तिल्दा से भी बड़ी संख्या में वकील मतदान करने पहुंचे। इसके साथ ही जीएसटी और इनकम टैक्स विभाग से जुड़े अधिवक्ता भी वोट डालने पहुंचे। इस बार चुनाव में पहली बार सेल्फी जोन भी बनाया गया था। वोट डालने के बाद वकील वहां फोटो खिंचवा कर सोशल मीडिया में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का फोटो शेयर करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *