बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पेट्रोल संकट के बीच एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। तारबहार स्थित जय अम्बे पेट्रोल पंप के बताए जा रहे इस वीडियो में देर रात बड़े जेरिकिन में पेट्रोल भरते हुए पंप कर्मचारी नजर आ रहे हैं, जबकि आम लोग पूरे दिन कतारों में खड़े रहने के बावजूद मुश्किल से पेट्रोल प्राप्त कर पा रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा आक्रोश
पेट्रोल पंप पर बीते कई दिनों से पेट्रोल के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हुईं हैं। लोग सुबह से लेकर रात तक लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन सप्लाई कम होने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कर्मचारी को बड़े 20-30 लीटर क्षमता वाले जेरिकिन में पेट्रोल भरते देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
लंबी लाइनों में परेशान लोग
लोगों का कहना है कि पंप पर नियमित रूप से पेट्रोल की कमी बताकर सप्लाई रोकी जाती है, जबकि दूसरी ओर बड़े कंटेनरों में पेट्रोल भरकर दिया जाता है। इससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी हो रही है। कई वाहन चालक बिना पेट्रोल लिए ही वापस लौटने को मजबूर हो जाते हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पेट्रोल उपलब्ध है तो उसे पहले खड़े उपभोक्ताओं को दिया जाना चाहिए, न कि बड़े जेरिकिन में भरकर कहीं और भेजा जाए।