Meta Pixel

ऑपरेशन अंतिम प्रहार में बड़ी कामयाबी : 8 माओवादी गिरफ्तार, 51 हथियार और 64 लाख नकद बरामद

Spread the love

मोहला – महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में माओवाद के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन अंतिम प्रहार’ के तहत महाराष्ट्र पुलिस और CRPF को बड़ी सफलता मिली है। पिछले 10 दिनों से जारी इस अभियान में सुरक्षा बलों ने 8 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर कई नक्सली वारदातों में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए नक्सली 7 फरवरी 2026 को फोडेवाडा में हुए हमले में सक्रिय भूमिका निभा चुके थे, जिसमें सी-60 जवान शहीद हुए थे।

रेलवे स्टेशन और सीमावर्ती गांवों में घेराबंदी कर की कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ माओवादी महाराष्ट्र से तेलंगाना की ओर भागने की तैयारी में हैं। इसके बाद विशेष टीम ने रुकमापुर रेलवे स्टेशन और छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
13 मई को की गई कार्रवाई में चार नक्सलियों को रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया, जबकि चार अन्य को सीमावर्ती गांवों की घेराबंदी कर पकड़ा गया।गिरफ्तार माओवादियों में कंपनी नंबर 10 के सदस्य और कई सक्रिय कैडर शामिल बताए जा रहे हैं।

कंपनी नंबर 10 के बड़े कैडर भी गिरफ्त में
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने डीवीसीएम राजू मंगलू वेको, उसकी पत्नी जन्नी उर्फ नागी येमला समेत अन्य सक्रिय माओवादियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। इनके पास से AK-47, 303 राइफल और 12 बोर बंदूक बरामद की गई। वहीं महाराष्ट्र के नायताला इलाके से दो महिला माओवादियों को भी SLR और अन्य हथियारों के साथ पकड़ा गया।

डंप से बरामद हुए 51 घातक हथियार
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया।
बरामद हथियारों में –

  • 2 एलएमजी राइफल
  • 4 AK-47
  • 4 SLR राइफल
  • 3 INSAS राइफल
  • सहित कुल 51 हथियार शामिल हैं।

इसके अलावा करीब 64 लाख 35 हजार रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार नक्सलियों पर था 64 लाख का इनाम
महाराष्ट्र सरकार ने गिरफ्तार सभी आठ माओवादियों पर कुल 64 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गढ़चिरौली में माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका साबित होगी।

 

गढ़चिरौली में माओवादी नेटवर्क लगभग खत्म 
सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि लगातार चल रहे अभियानों के कारण गढ़चिरौली जिले में माओवादी गतिविधियों में भारी गिरावट आई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब जिले में सक्रिय माओवादी नेटवर्क लगभग समाप्ति की ओर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *