धमतरी – धमतरी शहर के सोरिद पुल के पास रविवार को अचानक एक ट्रांसफार्मर में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान तेज धमाकों की आवाज और उठती आग की लपटों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पहले निकली चिंगारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रांसफार्मर से पहले चिंगारियां निकलती दिखाई दीं। कुछ ही देर बाद तेज धमाका हुआ और ट्रांसफार्मर आग के गोले में बदल गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
लगातार हादसों से लोगों में डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में ट्रांसफार्मरों में आग लगने और ब्लास्ट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। भीषण गर्मी के चलते बिजली उपकरणों पर दबाव बढ़ने से ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।
बिजली विभाग से कार्रवाई की मांग
इस गर्मी के सीजन में ट्रांसफार्मर में आग लगने की यह चौथी-पांचवी घटना बताई जा रही है, लगातार हो रही घटनाओं के बाद लोगों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मरों की जांच और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।