बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुराने प्रेम संबंध की कड़वाहट ने हिंसक रूप ले लिया। दरअसल, चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार में पूर्व प्रेमिका पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती के घर में घुसकर धारदार चाकू से हमला किया, जिसमें युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
युवती से करता था गाली-गलौज और विवाद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी भरत वर्मा (27 वर्ष), पिता राधेश्याम वर्मा, ग्राम कड़ार थाना चकरभाठा का रहने वाला है। आरोपी का गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन वर्ष 2025 में भरत की शादी होने के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। बताया जा रहा है कि, इसके बाद आरोपी अक्सर युवती से मिलने पर गाली-गलौज और विवाद करता था।
धारदार चाकू से किया पेट और हथेली पर हमला
पीड़िता ने 16 मई 2026 को थाना चकरभाठा में शिकायत दर्ज कराई कि, वह अपने घर में थी, तभी भरत वर्मा अचानक घर में घुस आया और जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से उसके पेट और हथेली पर हमला कर दिया। युवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके ससुर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
मामले की जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।