Meta Pixel

बाइक धीरे चलाने की नसीहत पड़ी भारी! बिलासपुर में युवकों पर लाठी-रॉड से हमला, पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर बेरहमी से पीटा

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से गुंडागर्दी का एक बेहद डराने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक धीरे चलाने की सलाह देना दो युवकों को इतना महंगा पड़ गया कि बदमाशों ने उन्हें लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट डाला। मारपीट का यह पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक हाथों में लाठी और लोहे की रॉड लेकर दो युवकों का पीछा कर रहे हैं। जान बचाने के लिए एक युवक पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस जाता है और दरवाजा बंद करने की कोशिश करता है, लेकिन हमलावर वहां भी नहीं रुकते। बदमाश ऑफिस के अंदर घुसकर युवक को बेरहमी से पीटना शुरू कर देते हैं। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, प्रभाकर मार्शल चौकसे नाम का युवक बी-फार्मेसी का छात्र है और वह अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया हुआ था। रविवार दोपहर वह अपने साथियों निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक पर निकला था। बताया गया कि तीनों युवक हाथ में लाउडस्पीकर लेकर समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने जा रहे थे।

इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक पर आ रहे बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। गिरने के बाद जब युवकों ने आरोपी को बाइक धीरे चलाने की सलाह दी, तो वह भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने बेल्ट निकालकर मारपीट भी शुरू कर दी।

देखते ही देखते विवाद और बढ़ गया। कुछ ही देर में आरोपी के साथ विक्की जांगड़े और विकास मार्शल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तीनों ने मिलकर युवकों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाद में सरोज जांगड़े समेत कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवकों को घेर लिया।

हमलावरों की संख्या ज्यादा होने के कारण पीड़ित युवक जान बचाकर भागने लगे। एक युवक दौड़ते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गया, लेकिन बदमाश वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। CCTV वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि हमलावर ऑफिस के अंदर घुसकर भी युवक पर लगातार डंडों से हमला कर रहे हैं। वहां मौजूद लोग डर के कारण बीच-बचाव नहीं कर पाए।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे युवक की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो में हमलावरों की आक्रामकता साफ दिखाई दे रही है, जिससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि बाइक धीरे चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा और गुंडागर्दी आखिर कब रुकेगी। मामूली कहासुनी का इस तरह खूनी झगड़े में बदल जाना समाज में बढ़ते आक्रामक व्यवहार की गंभीर तस्वीर पेश करता है।

घटना से जुड़ी ये 5 तस्वीरें देखिए-

बाइक धीरे चलाने बोलने पर नाराज युवक ने गाली-गलौज की और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।
बाइक धीरे चलाने बोलने पर नाराज युवक ने गाली-गलौज की और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए एक युवक भागते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में पहुंच गया।
जान बचाने के लिए एक युवक भागते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में पहुंच गया।
हमलावर ऑफिस में भी घुस गए और जमकर मारपीट की।

हमलावर ऑफिस में भी घुस गए और जमकर मारपीट की।

घायल युवक को एम्बुलेंस से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल युवक को एम्बुलेंस से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरे युवक के सिर पर गहरी चोट आई है।
दूसरे युवक के सिर पर गहरी चोट आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *