Meta Pixel

मौनी रॉय से अलग होने पर पहली बार बोले सूरज नांबियार! बोले- हमारे बीच कोई तीसरा शख्स नहीं

Spread the love

टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री Mouni Roy और उनके पति बिजनेसमैन Suraj Nambiar के अलग होने की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। शादी के चार साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया, जिसके बाद इंटरनेट पर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगीं। कुछ रिपोर्ट्स में अभिनेत्री Disha Patani का नाम भी इस मामले से जोड़ा जाने लगा। अब इन चर्चाओं के बीच सूरज नांबियार ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है।

सूरज नांबियार ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए साफ कहा कि उनके और मौनी रॉय के अलग होने के पीछे किसी तीसरे व्यक्ति का कोई हाथ नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को “बेहद दुर्भावनापूर्ण” और “झूठा” बताया।

अपने पोस्ट में सूरज ने लिखा कि उनके अलगाव को लेकर जो बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा, “हमारे बीच कोई तीसरा शख्स नहीं है। कोई एलिमनी नहीं है, कोई विवाद नहीं है और किसी अन्य व्यक्ति की इसमें कोई भूमिका नहीं है।”

सूरज ने आगे लिखा कि उन्होंने और मौनी ने आपसी सम्मान और एक-दूसरे की भलाई को ध्यान में रखते हुए अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यही सच्चाई है और इसके अलावा जो कुछ भी कहा जा रहा है, वह पूरी तरह झूठ है।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसी खबरें फैला रहे हैं, जिससे दो ऐसे लोगों की छवि खराब हो रही है जो सिर्फ शांति से अपनी जिंदगी आगे बढ़ाना चाहते हैं। सूरज ने खास तौर पर उन दोस्तों का जिक्र किया जिनका नाम बिना वजह इस मामले में घसीटा जा रहा है।

अपने नोट में उन्होंने लिखा कि “दूसरों को इस मामले में शामिल करना बिल्कुल गलत है, खासकर उन मासूम दोस्तों को जिनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।” माना जा रहा है कि उनका यह इशारा दिशा पाटनी को लेकर चल रही चर्चाओं की तरफ था।

सूरज नांबियार ने यह भी कहा कि उन्होंने और मौनी ने पूरे समय इस स्थिति को गरिमा और सम्मान के साथ संभाला है और वे उम्मीद करते हैं कि मीडिया और लोग भी उनके फैसले का सम्मान करेंगे।

उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स पर भी सवाल उठाए और कहा कि बिना किसी सत्यापन के खबरें प्रकाशित की जा रही हैं, जो बेहद अनुचित है। सूरज ने साफ कहा कि जानबूझकर फैलाई जा रही गलत जानकारी के सामने चुप रहना उन्हें मंजूर नहीं है।

उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में लोगों से अपील की कि उनके संयुक्त बयान का सम्मान किया जाए और दोनों को शांति से आगे बढ़ने का मौका दिया जाए।

हाल ही में मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपने अलग होने की पुष्टि की थी। दोनों ने कहा था कि वे आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग हो रहे हैं।

बता दें कि मौनी और सूरज की शादी 27 जनवरी 2022 को गोवा में बेहद भव्य अंदाज में हुई थी। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद डेस्टिनेशन वेडिंग की थी। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं और फैंस ने इस जोड़ी को खूब प्यार दिया था।

अब दोनों के अलग होने की खबर ने फैंस को जरूर हैरान किया है, लेकिन सूरज नांबियार के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि इस फैसले के पीछे किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *