Virat Kohli इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL इतिहास के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक विराट कोहली अब तक IPL से करीब 230 करोड़ रुपए की कमाई कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने Rohit Sharma और MS Dhoni जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
फैनेटिक स्पोर्ट्स और हुरुन इंडिया की संयुक्त रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट दुनिया के कई देशों, शहरों और एलीट एथलीटों की स्टडी पर आधारित है, जिसमें खेल लीगों की वैल्यू, खिलाड़ियों की कमाई और फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू का विश्लेषण किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली 2008 से लगातार Royal Challengers Bengaluru के लिए खेल रहे हैं और अब तक कुल 230 करोड़ रुपए की सैलरी हासिल कर चुके हैं। मैदान के प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी ब्रांड वैल्यू भी IPL में सबसे मजबूत मानी जाती है।
इस सूची में दूसरे नंबर पर Mumbai Indians के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने IPL से करीब 227.2 करोड़ रुपए कमाए हैं। वहीं तीसरे स्थान पर Chennai Super Kings के दिग्गज कप्तान एमएस धोनी हैं, जिनकी कुल कमाई लगभग 200 करोड़ रुपए बताई गई है। धोनी आज भी IPL और भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े कमर्शियल चेहरों में गिने जाते हैं।
महिला क्रिकेट की बात करें तो Smriti Mandhana सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला क्रिकेटर बनकर सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी कुल कमाई 13.7 करोड़ रुपए है। हालांकि भारत की टॉप 10 महिला क्रिकेटरों की कुल कमाई भी विराट कोहली की IPL कमाई से काफी कम है, जिससे क्रिकेट में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के बीच कमाई का बड़ा अंतर साफ दिखाई देता है।
फ्रेंचाइजी वैल्यूएशन में Kolkata Knight Riders सबसे ऊपर पहुंच गई है। शाहरुख खान और जूही चावला की इस टीम की वैल्यू करीब 19,200 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके बाद मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स हैं, जिनकी वैल्यू लगभग 18,400 करोड़ रुपए बताई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार IPL की सभी 10 फ्रेंचाइजी का कुल वैल्युएशन अब 1.63 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, स्पॉन्सरशिप, टिकट बिक्री, डिजिटल कंटेंट और ग्लोबल फैन बेस की वजह से IPL अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती स्पोर्ट्स लीगों में शामिल हो चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में IPL की वैल्यू अमेरिका की NFL और इंग्लैंड की Premier League जैसी बड़ी स्पोर्ट्स लीगों को भी चुनौती दे सकती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि 2032 तक IPL फ्रेंचाइजी की औसत वैल्यू कई गुना बढ़ सकती है।
दूसरी तरफ भारतीय हॉकी में कमाई का अंतर अभी भी काफी बड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक Harmanpreet Singh हॉकी इंडिया लीग के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन उनकी कमाई सिर्फ 78 लाख रुपए बताई गई है। इससे साफ है कि भारतीय स्पोर्ट्स मार्केट में क्रिकेट का दबदबा अब भी सबसे ज्यादा बना हुआ है।