Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में स्कूल एडमिशन प्रक्रिया शुरू, 30 जून तक होंगे दाखिले; शिक्षा विभाग ने जारी किया पूरा शेड्यूल

Spread the love

छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने एडमिशन को लेकर विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में 20 मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी और 30 जून तक दाखिले पूरे किए जाएंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी भेज दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने सबसे पहले स्कूलों को अपने “कैचमेंट एरिया” का निर्धारण करने के निर्देश दिए हैं। कैचमेंट क्षेत्र का मतलब उन इलाकों से है जो स्कूल के आसपास स्थित हैं और जहां के बच्चों के उस स्कूल में पढ़ने की संभावना ज्यादा रहती है। विभाग का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए और कोई भी बच्चा, खासकर ड्रॉपआउट छात्र या किसी कारण से पहले प्रवेश से वंचित रहे विद्यार्थी, स्कूल से बाहर न रह जाए।

जारी शेड्यूल के अनुसार 6वीं और 9वीं कक्षा के लिए कैचमेंट क्षेत्र का निर्धारण 20 मई तक करना होगा। इसी तारीख तक पहली कक्षा में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों की सूची प्राप्त की जाएगी। 5वीं पास विद्यार्थियों की सूची पूर्व माध्यमिक स्कूलों के प्रधान पाठकों को और 8वीं उत्तीर्ण छात्रों की सूची संबंधित स्कूल प्राचार्यों को सौंपनी होगी।

शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों की एडमिशन सूची 16 जून तक जारी कर दी जाए। इसी दिन तक स्कूलों को अध्यापन की समय सारिणी भी जारी करनी होगी। इसके बाद 30 जून तक शेष सभी प्रवेश प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश के निजी स्कूलों में भी एडमिशन प्रक्रिया जारी है। आरटीई के तहत दाखिलों को लेकर चल रहे विवाद के बीच निजी स्कूलों ने गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को प्रवेश देना शुरू कर दिया है। पहले चरण की लॉटरी में चयनित करीब 14 हजार विद्यार्थियों को स्कूलों में दाखिला दिया जा रहा है।

शिक्षा विभाग के अनुसार अब शेष बची करीब 8 हजार सीटों के लिए दूसरी लॉटरी 8 जून को निकाली जाएगी। इसके बाद बाकी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग का कहना है कि इस बार कोशिश की जा रही है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रवेश में देरी के कारण प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *