Portugal ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। एक बार फिर टीम की कमान दिग्गज स्टार फुटबॉलर Cristiano Ronaldo के हाथों में होगी। 41 वर्षीय रोनाल्डो इस टूर्नामेंट में उतरते ही इतिहास रच देंगे और रिकॉर्ड छठा फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन जाएंगे।
हालांकि रिकॉर्ड सूची में पहला नाम Guillermo Ochoa का दर्ज होगा, क्योंकि टूर्नामेंट में पहला मुकाबला मेक्सिको खेलेगा। वहीं Lionel Messi भी इस बार अपना छठा वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं, जिससे फुटबॉल इतिहास का यह टूर्नामेंट और भी खास बन गया है।
पुर्तगाल को ग्रुप-K में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला Colombia, Uzbekistan और डीआर कांगो से होगा। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा सितारों को भी मौका दिया गया है। Bruno Fernandes और Bernardo Silva जैसे स्टार मिडफील्डर टीम की बड़ी ताकत माने जा रहे हैं।
फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से होगी। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त रूप से United States, Canada और Mexico में किया जाएगा। 48 टीमों वाला यह टूर्नामेंट 16 अलग-अलग शहरों में खेला जाएगा और इसे अब तक का सबसे बड़ा फीफा वर्ल्ड कप माना जा रहा है।
वर्ल्ड कप से पहले पुर्तगाल की टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। टीम ग्रुप स्टेज मुकाबलों से पहले Chile और Nigeria के खिलाफ इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच खेलेगी। इन मुकाबलों में टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन और बेंच स्ट्रेंथ को परखेगा।
पुर्तगाल फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा घोषित टीम में अनुभव और युवा जोश का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है। गोलकीपिंग विभाग में डिएगो कोस्टा और जोस सा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि डिफेंस में Ruben Dias, Joao Cancelo और नूनो मेंडेस जैसे मजबूत नाम मौजूद हैं।
मिडफील्ड में ब्रूनो फर्नांडिस, बर्नार्डो सिल्वा और विटिन्हा जैसे खिलाड़ी टीम की कमान संभालेंगे, जबकि अटैक में रोनाल्डो के साथ Rafael Leao, पेड्रो नेटो और गोंसालो रामोस जैसे खतरनाक फॉरवर्ड मौजूद रहेंगे।
अब दुनिया भर के फुटबॉल फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या रोनाल्डो अपने करियर के आखिरी वर्ल्ड कप में पुर्तगाल को पहली बार विश्व चैंपियन बना पाएंगे।