Meta Pixel

सुशासन तिहार में किसानों को बड़ी राहत : डिप्टी सीएम विजय शर्मा के हस्तक्षेप से मिली लंबित KCC राशि

Spread the love

कवर्धा – कबीरधाम जिले के खड़ौदा गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों की बड़ी समस्या का मौके पर समाधान कराया। किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की लंबित राशि नहीं मिलने से परेशान किसानों ने कार्यक्रम में अपनी शिकायत रखी, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

10 दिनों से बैंक के चक्कर काट रहे थे किसान
कार्यक्रम के दौरान एक कांग्रेसी नेता सैकड़ों किसानों के साथ उपमुख्यमंत्री के पास पहुंचे और बैंक प्रबंधन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। किसानों ने बताया कि वे पिछले करीब 10 दिनों से KCC की राशि निकालने के लिए लगातार बैंक पहुंच रहे थे, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा था।

किसानों का आरोप
किसानों का आरोप था कि सुबह से लंबी कतार में खड़े रहने के बाद बैंक प्रबंधन यह कहकर वापस भेज देता था कि पैसे खत्म हो गए हैं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में घंटों इंतजार के बावजूद राशि नहीं मिलने से किसानों के खेती-किसानी के कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।

डिप्टी सीएम के निर्देश के बाद तुरंत मिला भुगतान
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल बैंक प्रबंधक और संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र किसानों को लंबित KCC राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को भुगतान किया गया।

किसानों ने जताया आभार
लंबे इंतजार के बाद राशि मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सुशासन तिहार में मौके पर ही समस्या का समाधान होने से किसानों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *