Meta Pixel

बच्चों को शराब पिलाई-नींद का इंजेक्शन देकर गला घोंटा:अफेयर के विवाद में मां ने मार-डाला; खुद फंदे पर झूली, पति ने भी फांसी लगाई

Spread the love

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक मकान से दंपती और उनके 2 बच्चों की लाश मिली है। बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि पति-पत्नी फंदे से लटके मिले। मृतका चंचल साहू ने अपने नाम से सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें शादीशुदा जिंदगी से परेशान होने की बात कही गई है।

सुसाइड नोट में चंचल ने पति पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया है। दोनों ने लव मैरिज की थी। नोट में यह भी लिखा है कि उसने किसे और कैसे मारा। चंचल ने पहले दोनों बच्चों को शराब पिलाई, फिर उन्हें नींद का इंजेक्शन लगाया। सुसाइड नोट के मुताबिक बच्चों की मौत कन्फर्म नहीं होने पर उसने रस्सी से उनका गला घोंट दिया। वहीं पति शराब का आदी था, उसे भी काफी शराब पिलाई गई। महिला के गाल पर थप्पड़ के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि दोनों के बीच विवाद हुआ था।

बताया जा रहा है कि पति पहले फांसी के फंदे पर झूला, इसके बाद पत्नी ने भी फांसी लगा ली। मामले में एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक गोविंद साहू (45) और चंचल साहू (40) की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिली, जबकि बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) की लाश बिस्तर में मिली। जानकारी के अनुसार कमरे में 2 सुसाइड नोट मिले हैं, जिसमें एक सुसाइड नोट में पति-पत्नी दोनों की राइटिंग है।

इससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि पति-पत्नी दोनों ने मिलकर आत्महत्या की है। यह पूरी वारदात शराब के नशे में की गई है। पुलिस को घर के अंदर शराब की बॉटल भी मिली हैं। पत्नी ने सुसाइ़ड नोट में पति पर दूसरी लड़कियों से अफेयर का जिक्र किया है। इस वजह से विवाद की बात कही है।

माता-पिता की मर्जी के खिलाफ की थी शादी

मृतका चंचल साहू ने माता-पिता और भाई के फैसले के खिलाफ शादी की थी। लेकिन वो अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश नहीं थी। वो अपने पति से शादी के कुछ साल बाद से ही परेशान रहती थी। चंचल ने मरने से पहले अपने परिवार के सदस्यों से माफी मांगी है।

केपीएस में पढ़ाई करते थे बेटा-बेटी

गोविंद और चंचल के दोनों बच्चे केपीएस नेहरू नगर में पढ़ाई करते थे। बेटा इस साल 5वीं की परीक्षा पास कर 6वीं में प्रवेश कर लिया है। वहीं बेटी 8वीं पास कर 9वीं कक्षा में गई थी। पति गोविंद साहू शेयर ट्रेडिंग का काम करता था।

भिलाई के प्रियदर्शनीय परिसर में ऑफिस है। मृतक गोविंद साहू का एक भाई राधिका नगर में रहता है और बाकी के तीन भाई दुर्ग के आर्य नगर स्थित घर में एक साथ रहते हैं। तीनों भाई अलग नहीं हुए थे और एक ही चूल्हे पर तीनों भाई की फैमिली का खाना बनता था।

गोविंद साहू 8 दिन पहले ही बालाजी दर्शन करके दुर्ग लौटा था। इनके आने के बाद बाकी 2 भाई अपने परिवार के साथ पूरी घूमने गए थे और कल रात में ही लौटे थे।

कॉल डिटेल की जांच जारी

हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या के पीछे की वजहों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घर से मिले साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल की जांच जारी है। साथ ही परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के असल वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *