सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) ने रेल उत्पादन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नया सर्वश्रेष्ठ दैनिक उत्पादन कीर्तिमान स्थापित किया है। 260 मीटर लंबे रेल पैनल का निर्माण करने वाले यूनिवर्सल रेल मिल ने 22 मई 2026 को R260-60E1 रेल प्रोफाइल में 462 ब्लूम्स के साथ कुल 3,867 टन रेल उत्पादन कर नया “डे रिकॉर्ड” बनाया। इस उपलब्धि के साथ मिल ने 12 मार्च 2025 को स्थापित 3,852 टन एवं 455 ब्लूम्स के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) श्री चित्त रंजन महापात्र एवं कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने यूनिवर्सल रेल मिल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने यूआरएम के कार्मिकों से वर्तमान वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को इसी समर्पण एवं कार्य भावना के साथ प्राप्त करने तथा भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया।
इस उपलब्धि पर संपूर्ण मिल बिरादरी को बधाई देते हुए मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (बीआरएम एवं यूआरएम) श्री योगेश शास्त्री ने कहा कि यह सफलता यूनिवर्सल रेल मिल सामूहिक के सतत मॉनिटरिंग, बेहतर समन्वय एवं निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि में सहयोगी विभागों एसएमएस-2 एवं एसएमएस-3, ट्रैफिक, पीपीसी, आरसीएल, इंस्ट्रुमेंटेशन, ए एंड डी, सेंट्रल इलेक्ट्रिकल, सेंट्रल मैकेनिकल टीमों तथा तृतीय पक्ष निरीक्षण एजेंसी राइट्स के महत्वपूर्ण सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूनिवर्सल रेल मिल आने वाले समय में भी अनेक नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा।
उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सल रेल मिल का प्रमुख ग्राहक भारतीय रेलवे है तथा मिल द्वारा उत्पाद गुणवत्ता एवं समयबद्ध उत्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत ग्राहक संतुष्टि सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। बीएसपी के यूनिवर्सल रेल मिल में निर्मित 260 मीटर लंबे रेल पैनल देश में रेलवे अवसंरचना के विस्तार एवं समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।