Meta Pixel

15 साल के वैभव ने IPL में मचाया तूफान, हार के बाद भी काव्या मारन ने की तारीफ

Spread the love

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी विस्फोटक पारी खेली कि पूरा क्रिकेट जगत उनका दीवाना हो गया। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 47 रन की बड़ी जीत दर्ज करते हुए क्वालिफायर-2 में जगह बना ली।

मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में वैभव शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने हैदराबाद के हर गेंदबाज पर हमला बोला और मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बारिश कर दी। कप्तान पैट कमिंस लगातार फील्ड बदलते रहे, गेंदबाजों से चर्चा करते रहे और नई रणनीतियां बनाते रहे, लेकिन वैभव के सामने कोई भी प्लान काम नहीं आया।

कभी यॉर्कर गेंद डाली गई, कभी बाउंसर से डराने की कोशिश हुई, तो कभी स्लोअर गेंदों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन युवा बल्लेबाज ने हर गेंद का जवाब बाउंड्री से दिया। फुल लेंथ गेंदों को उन्होंने सीधे साइटस्क्रीन के पार भेजा, जबकि छोटी गेंदों को स्क्वायर लेग और मिडविकेट के ऊपर से स्टैंड में पहुंचाया।

वैभव जब आउट हुए तब तक वह 12 छक्के और 5 चौके लगा चुके थे। उनका स्ट्राइक रेट 334 से ज्यादा का रहा। वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। उनकी इस पारी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और क्रिकेट फैंस उन्हें भविष्य का सुपरस्टार बताने लगे।

लेकिन मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जिस पल की हुई, वह था सनराइजर्स हैदराबाद की ओनर Kavya Maran का व्यवहार। वायरल वीडियो में काव्या मारन मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी से हाथ मिलाती और उन्हें शानदार पारी के लिए बधाई देती नजर आईं।

पूरे मैच के दौरान कैमरे बार-बार काव्या मारन के रिएक्शन दिखा रहे थे। हैदराबाद के गेंदबाजों की लगातार पिटाई और फिर बल्लेबाजी के पूरी तरह बिखरने के बाद वह काफी निराश और भावुक दिखाई दीं। बावजूद इसके उन्होंने हार के बाद विरोधी टीम के युवा खिलाड़ी की तारीफ कर खेल भावना का शानदार उदाहरण पेश किया।

दूसरी तरफ सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। 244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने सिर्फ 5 ओवर में 57 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी ने मैच लगभग वहीं खत्म कर दिया।

मैच के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने काव्या मारन को ट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन ज्यादातर क्रिकेट फैंस ने उनके व्यवहार की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि हार के बाद भी विरोधी खिलाड़ी की प्रतिभा का सम्मान करना ही असली खेल भावना होती है। वहीं वैभव सूर्यवंशी की यह पारी आईपीएल इतिहास की सबसे यादगार पारियों में गिनी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *