छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर सोशल मीडिया रील बनाने के नाम पर एक युवती का खतरनाक स्टंट अब चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में युवती कभी चलती कार के सामने रैंप वॉक करती नजर आई, तो कभी शैंपेन की बोतल खोलकर सड़क पर झाग उड़ाती दिखाई दी। इतना ही नहीं, उसने कार की छत और सनरूफ पर खड़े होकर अलग-अलग पोज भी दिए। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
यह पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो देर रात कोनी-तुर्काडीह नेशनल हाईवे बाइपास का है, जहां तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे युवती ने चलती कार के साथ रील शूट की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर ट्रैफिक के बीच युवती बेखौफ होकर स्टंट कर रही है।
वीडियो वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई। कार के नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की गई और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस अब कार को जब्त करने की तैयारी में है और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा।
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना या हाईवे पर इस तरह का सेलिब्रेशन बेहद खतरनाक है। इससे गंभीर सड़क हादसे हो सकते हैं और दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
दरअसल, बिलासपुर में हाईवे पर रील्स और स्टंटबाजी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कुछ समय पहले भी BMW कार में एक युवक की गर्लफ्रेंड सनरूफ खोलकर डांस करती नजर आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने BMW जब्त कर युवक के खिलाफ कार्रवाई की थी।
इसके अलावा बिलासपुर-मस्तूरी हाईवे पर रसूखदार युवकों के कार काफिले का मामला भी काफी चर्चित रहा था। 15 से 20 लग्जरी गाड़ियों के काफिले ने सड़क पर जाम लगा दिया था और युवक चलती कारों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दिए थे। पुलिस ने उस मामले में भी कई युवकों को गिरफ्तार किया था।
करीब 10 महीने पहले भी कुछ प्रभावशाली युवकों ने बीच हाईवे पर लग्जरी कारें खड़ी कर फोटोशूट और रील बनाई थी, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। उस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे।
बढ़ते मामलों को देखते हुए बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क को स्टंट का मंच न बनाएं। पुलिस का कहना है कि कुछ सेकंड की रील के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना बेहद खतरनाक हो सकता है।
इन घटनाओं को लेकर हाईकोर्ट भी पहले नाराजगी जता चुका है। रतनपुर रोड पर तलवार से केक काटने, चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर रील बनाने और बाइक स्टंट जैसे मामलों पर अदालत ने शासन-प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद हाईवे पर स्टंटबाजी और रील बनाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है।
रील की कुछ तस्वीरें देखिए…

