कॉमेडियन Samay Raina ने आखिरकार अपने चर्चित यूट्यूब शो India’s Got Latent के दूसरे सीजन को लेकर बड़ा अपडेट दे दिया है। लंबे समय से शो की वापसी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अब खुशखबरी सामने आई है। समय रैना ने सोशल मीडिया पर शो के सेट से पहली तस्वीर शेयर कर साफ कर दिया कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है।
समय रैना ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पहले अपने पुराने चेस टूर्नामेंट को दोबारा शुरू करने की बात कही थी। लेकिन जैसे ही पोस्ट सामने आई, फैंस ने कमेंट सेक्शन में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के नए सीजन को लेकर सवालों की बौछार कर दी। इसके बाद समय ने फैंस की उत्सुकता बढ़ाते हुए शो के सेट की एक झलक शेयर कर दी।
सामने आई तस्वीर में समय रैना हाथ में माइक्रोफोन लिए नजर आ रहे हैं। उनके पीछे कॉमेडियन Balraj Ghai दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाकी पैनलिस्ट्स के चेहरे जानबूझकर छिपाए गए हैं ताकि सस्पेंस बना रहे। फोटो में Ashish Solanki की झलक भी दिखाई दी। तस्वीर शेयर करते हुए समय ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “उसकी भी शूटिंग चल रही है दोस्तों।”
इससे पहले भी शो के सेट से जुड़ी एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें Alia Bhatt और Sharvari पैनल में बैठी नजर आई थीं। उनके साथ बलराज घई और आशीष सोलंकी भी दिखाई दिए थे। हालांकि अब तक मेकर्स की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि आलिया और शरवरी इस सीजन का हिस्सा होंगी या नहीं।
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में यह शो बड़े विवाद में फंस गया था। शो में Ranveer Allahbadia के कुछ बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और शो के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुईं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Apoorva Mukhija को भी ट्रोलिंग और धमकियों का सामना करना पड़ा। बढ़ते विवाद के बाद समय रैना ने शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए थे।
हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद रणवीर अल्लाहबादिया ने अपने पॉडकास्ट फिर से शुरू किए, जबकि समय रैना ने अप्रैल में अपने स्टैंड-अप स्पेशल Still Alive के जरिए वापसी की। इसी शो के दौरान उन्होंने विवाद, मानसिक दबाव और परिवार पर पड़े असर को लेकर खुलकर बात की थी और वहीं ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ की वापसी का ऐलान भी किया था।
अब शो की शूटिंग शुरू होने की खबर के बाद फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है और सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि नए सीजन में कौन-कौन से नए चेहरे और सरप्राइज देखने को मिलेंगे।