बॉलीवुड में इन दिनों Ranveer Singh और Farhan Akhtar के बीच चल रहे विवाद की खूब चर्चा हो रही है। फिल्म Don 3 से रणवीर सिंह के अचानक अलग होने के बाद मामला इतना बढ़ गया कि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने अभिनेता के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन नोटिस तक जारी कर दिया। अब इस पूरे विवाद को शांत कराने के लिए Salman Khan मैदान में उतर आए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान ने निजी तौर पर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर दोनों से बातचीत की है। कहा जा रहा है कि सलमान दोनों के साथ अच्छे संबंध रखते हैं और इसी वजह से उन्होंने मामले को संभालने की कोशिश शुरू की। सूत्रों के अनुसार सलमान ने दोनों पक्षों की बातें अलग-अलग सुनीं और उन्हें समझाने की कोशिश की कि बड़े प्रोजेक्ट्स में रचनात्मक मतभेद होना कोई नई बात नहीं है।
बताया जा रहा है कि सलमान खान ने फरहान अख्तर से कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में क्रिएटिव डिफरेंसेस आम हैं और इन्हें लेकर रिश्ते खराब करना सही नहीं होगा। उन्होंने फरहान को सलाह दी कि विवाद को ज्यादा बढ़ाने के बजाय यहीं खत्म कर देना बेहतर रहेगा। वहीं रणवीर सिंह को भी आगे बढ़ने और प्रोफेशनल रिश्ते बनाए रखने की सलाह दी गई।
सूत्रों का दावा है कि सलमान ने दोनों से यह भी कहा कि जब मामला पूरी तरह शांत हो जाए, तो भविष्य में दोबारा साथ काम करने के लिए दरवाजे खुले रखने चाहिए। भाईजान की इस पहल के बाद इंडस्ट्री में उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव कम हो सकता है।
दरअसल विवाद की जड़ फिल्म ‘डॉन 3’ को माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार Excel Entertainment ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर काफी पैसा खर्च कर दिया था। कंपनी ने शेड्यूलिंग, तैयारियों और दूसरे कामों में हुए खर्च को देखते हुए मुआवजे की मांग रखी थी। दूसरी तरफ रणवीर सिंह और उनकी टीम की सोच अलग बताई जा रही है।
इंडस्ट्री में चर्चा है कि रणवीर उस समय नाराज हो गए थे जब उनके करियर के मुश्किल दौर में एक्सेल एंटरटेनमेंट दूसरे कलाकारों के विकल्प तलाश रहा था। खबरें यह भी थीं कि फिल्म के लिए Hrithik Roshan से भी बातचीत की गई थी, जिससे रणवीर की टीम खुश नहीं थी।
रणवीर के करीबी सूत्रों का कहना है कि अभिनेता को लगा कि अगर उस समय प्रोडक्शन हाउस उनका पूरा समर्थन नहीं कर रहा था, तो भरोसा पहले ही कमजोर हो चुका था। इसके अलावा रणवीर कथित तौर पर फिल्म की स्क्रिप्ट और प्रोजेक्ट की दिशा से भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। उन्हें महसूस हुआ कि फरहान अख्तर का पूरा फोकस इस फिल्म पर नहीं है।
हालांकि रणवीर की टीम का दावा है कि अभिनेता एक्सेल एंटरटेनमेंट को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने 10 करोड़ रुपये और भविष्य की किसी फिल्म में 25 करोड़ रुपये की छूट देने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रोडक्शन हाउस भविष्य के सहयोग के बजाय सीधे नकद मुआवजा चाहता था।
अब सलमान खान की एंट्री के बाद बॉलीवुड में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या भाईजान इस बड़े विवाद को खत्म करा पाएंगे। इंडस्ट्री की नजर फिलहाल इसी बात पर टिकी हुई है कि आने वाले दिनों में ‘डॉन 3’ का भविष्य क्या होगा और क्या रणवीर व फरहान के रिश्ते फिर सामान्य हो पाएंगे।