Meta Pixel

भिलाई महिला समाज द्वारा “तेजस्विनी” महिला स्नैक्स कुटीर उद्योग इकाई का शुभारंभ; सेक्टर-6 स्थित हैंडग्लव्स यूनिट सेंटर में महिलाओं को दिया जा रहा स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण

Spread the love

भिलाई महिला समाज (बीएमएस) द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेक्टर-6 स्थित हैंडग्लव्स यूनिट सेंटर में “तेजस्विनी” नामक महिला स्नैक्स कुटीर उद्योग इकाई का शुभारंभ किया गया। यह पहल भिलाई महिला समाज की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम के नेतृत्व में प्रारंभ की गई।

इस इकाई के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न पारंपरिक खाद्य एवं स्नैक्स उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मीठी मठरी, सलोनी, चूड़ा, नमकीन सेव, चकली सहित अन्य घरेलू स्नैक्स तैयार करने की विधियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र का संचालन श्रीमती उषा साहू द्वारा किया गया।

इस अवसर पर भिलाई महिला समाज की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम के साथ उपाध्यक्ष श्रीमती केका सरकार, श्रीमती पूनम कुमार एवं श्रीमती स्मिता भास्कर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महासचिव श्रीमती सोनाली रथ, सह सचिव श्रीमती चैती पॉल, सहकोषाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी, वर्किंग कमेटी के सदस्यगण, प्रबंधक, सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भिलाई महिला समाज क्षेत्र की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित महिला संस्थाओं में से एक है, जिसकी स्थापना 4 अगस्त 1959 को की गई थी। स्थापना काल से ही संस्था जरूरतमंद महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण तथा विकास हेतु विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का संचालन करती आ रही है।

भिलाई महिला समाज द्वारा समय-समय पर महिलाओं को विविध व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयास किए जाते रहे हैं। “तेजस्विनी” पहल भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास आधारित आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *