IPL 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने IPL इतिहास में 1000 रन पूरे कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। वह IPL में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
मुल्लांपुर में खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में वैभव ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 1000 रन का आंकड़ा छू लिया। खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि केवल 23 पारियों में हासिल की, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज है।
IPL में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज (पारियों के हिसाब से)खिलाड़ी
-
- शॉन मार्श: पारी 21
- लेंडल सिमंस: पारी 23
- वैभव सूर्यवंशी: पारी 23
- डेवोन कॉनवे: पारी 24
- मैथ्यू हेडन: पारी 25
- साई सुदर्शन: पारी 25
इस सूची में वैभव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे केवल शॉन मार्श हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि 21 पारियों में हासिल की थी।
गेंदों के हिसाब से भी वैभव ने रचा इतिहास
सिर्फ IPL ही नहीं, बल्कि पूरे T20 क्रिकेट में भी वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने मात्र 473 गेंदों में 1000 T20 रन पूरे कर दिए, जो T20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज उपलब्धि मानी जा रही है।
यह रिकॉर्ड उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, बेखौफ अंदाज और लगातार रन बनाने की क्षमता को दर्शाता है। इतनी कम उम्र में ऐसा कारनामा करने वाले वह दुनिया के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं।
क्वालिफायर-2 में भी दिखा वैभव का जलवा
क्वालिफायर-2 जैसे दबाव भरे मुकाबले में भी वैभव का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने इस सीजन का अपना छठा 50+ स्कोर पूरा किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 12 छक्के शामिल थे।
भारतीय क्रिकेट को मिला नया सुपरस्टार
पिछले कुछ महीनों में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा बना दिया है। रिकॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त में अब IPL में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज का नाम भी जुड़ गया है।
15 साल की उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि बताती है कि आने वाले वर्षों में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े चेहरों में से एक बन सकते हैं।