Meta Pixel

दल्लीराजहरा में चमगादड़ों की रहस्यमयी मौत : रोज मिल रहे 50 से 70 मृत चमगादड़, जांच के लिए भोपाल भेजे गए सैंपल

Spread the love

बालोद – छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा में चमगादड़ों की लगातार हो रही रहस्यमयी मौतों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कई दिनों से प्रतिदिन 50 से 70 चमगादड़ मृत अवस्था में मिल रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत और आशंकाओं का माहौल बन गया है।

डीएफओ ने दिए जांच के निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने मौके का निरीक्षण किया और तत्काल जांच के निर्देश दिए। वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने मृत चमगादड़ों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भोपाल भेज दिए हैं।

किसी संक्रमण की जताई जा रही आशंका
डीएफओ के अनुसार, चमगादड़ों की मौत के पीछे भीषण गर्मी या किसी संक्रमण की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

विशेषज्ञों की जांच जारी
विशेषज्ञ अब यह जानने में जुटे हैं कि, कहीं यह मामला किसी वायरस या अन्य गंभीर बीमारी से तो जुड़ा नहीं है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि, वे किसी भी मृत या बीमार चमगादड़ को हाथ न लगाएं और इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।

जांच रिपोर्ट का इंतजार 
फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दल्लीराजहरा में चमगादड़ों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग और स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और अब सबकी निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *