बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र व्यापार विहार में हड़कंप मच गया। चौधरी एजेंसी की खाद्य तेल एजेंसी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
आग फैलने पर होगा करोड़ों का नुकसान
मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने से लाखों रुपए के माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं जिस स्थान पर आग लगी है, उसके आसपास कई अन्य एजेंसियां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं। ऐसे में आग के फैलने पर करोड़ों रुपए के नुकसान की संभावना बनी हुई है।
मौके पर पहुंची दमकल की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बता दें कि, यह पूरा मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।