Meta Pixel

थाना प्रभारी सस्पेंड : गुंडे से गुपचुप मुलाकात पड़ी भारी, अवैध कारोबार की जांच के दौरान सामने आई संदिग्ध भूमिका

Spread the love

नवापारा-राजिम – गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल पर बड़ी गाज गिरी है। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।

क्राइम टीम की दबिश के दौरान बढ़ा संदेह
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब, गांजा और सट्टा गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर रायपुर ग्रामीण क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी भी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान क्राइम टीम ने थाना प्रभारी को एक आरोपी से अलग हटकर बातचीत करते हुए देखा। यह बातचीत टीम को संदिग्ध लगी, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

आरोपी पर पहले से हैं कई शिकायतें
सूत्रों के मुताबिक जिस व्यक्ति से थाना प्रभारी की बातचीत हुई, वह लल्ला सोनवानी बताया जा रहा है। उस पर क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और सट्टा संचालन से जुड़े आरोप लगते रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम कई बार सामने आ चुका है और उसके खिलाफ जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जा चुकी है।

एसपी ने की त्वरित कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को निलंबित करने के साथ लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *