दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजधानी में होने वाली एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए 9 आरोपी आईएसआई के एजेंट है। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार करके दिल्ली में होने वाले एक बड़ी आतंकी हमले को नाकाम कर दिया है।
बताया जा रहा है कि यह आरोपी राजधानी की खास जगहों और सुरक्षाबलों पर हमला करने की प्लानिंग बना रहे थे। वहीं दिल्ली पुलिस ने इनके पास से हथियार और बारूद को भी बरामद किया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, ISI और अंडरवर्ल्ड से जुड़े 9 लोगों को दिल्ली की खास जगहों और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने का काम सौंपा गया था। पुलिस ने आगे बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद इस ऑपरेशन को चलाया गया, जिसके तहत इन 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए लोगों पर आरोप है कि वह पाकिस्तान की जासूस एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इन लोगों को दिल्ली के अलग-अलग संवेदनशील स्थानों पर हमला करने का काम सौंपा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी दिल्ली, मुंबई और पंजाब के रहने वाले हैं। इसके अलावा कुछ विदेशी नागरिक भी इस साजिश में शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस फिलहाल अब इस नेटवर्क की पूरी जानकारी और अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। इसके अलावा पुलिस इसका भी पता लगा रही है कि इतनी भारी मात्रा में आरोपियों के पास विस्फोटक और हथियार कहां से आया और इस गैंग के तार किन्हीं विदेशों की धरती से तो नहीं जुड़े है। इन लोगों को फंडिंग कहां से हो रही थी और विदेशी धरती पर बैठे कौन लोग इन्हें ऑर्डर दे रहे हैं। इन तमाम सवालों के जवाब ढूंढने में पुलिस लगी हुई है।