Meta Pixel

टुकड़ों में बंटी लाश मिली बोरी में : हत्या के बाद लाकर खेत में फेंके जाने की आशंका, पांडातराई क्षेत्र में हड़कंप

Spread the love

कवर्धा – छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोंढा में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बोरी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव को कई टुकड़ों में काटकर बोरी में भरकर खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को खेत की ओर से लगातार तेज दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना पांडातराई थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत में पड़ी संदिग्ध बोरी की जांच की। बोरी खोलते ही अंदर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसे कई हिस्सों में काटा गया था। घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण और पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया 
पुलिस जांच में मृतक की पहचान कोमल वर्मा, निवासी बैहरसरी के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी जांच की। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। 

इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल
आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा मृतक की गतिविधियों और संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

दुर्गंध से खुला हत्याकांड का राज
ग्रामीणों के अनुसार खेत की ओर से कई दिनों से तेज बदबू आ रही थी। जब दुर्गंध असहनीय हो गई तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की जांच में बोरी के भीतर युवक का शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *