Meta Pixel

फूड विभाग की रेड…105 किलो सड़े फल नष्ट किए:3 दिन में 52 दुकानों की जांच, केमिकल से फल पकाने वालों को सख्त चेतावनी

Spread the love

रायपुर में गर्मी के मौसम में बिक रहे फलों की गुणवत्ता जांचने खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 3 दिन का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर की 52 फल दुकानों और फर्मों की जांच की गई। करीब 105 किलो सड़े आम, 10 किलो अंगूर और 7 दर्जन खराब केले नष्ट कराए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई दुकानों में खराब हालत में फल रखे मिले। अधिकारियों ने मौके पर ही फलों को नष्ट कराया। विभाग ने विक्रेताओं को साफ-सफाई, भंडारण और सुरक्षित तरीके से फल बेचने के निर्देश दिए।

केमिकल से फल पकाने पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को केमिकल, सिंथेटिक रंग और स्टिकर लगाकर फल पकाने या बेचने पर सख्त चेतावनी दी। विभाग ने कहा कि, उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

खाद्य विभाग के मुताबिक मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि खराब या संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर शिकायत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *