Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में अग्नि सुरक्षा जागरूकता पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन का आयोजन

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करने तथा निवारक सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अग्निशमन सेवा विभाग द्वारा दिनांक 30 मई 2026 को मानव संसाधन विभाग के ज्ञानार्जन एवं विकास विकास केंद्र में “फायर सेफ्टी अवेयरनेस” विषय पर लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन (एलजीआई) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री बी.के. महापात्र के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन संबोधन अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री संजय बी. धवस द्वारा किया गया, जबकि अग्नि सुरक्षा, अग्नि रोकथाम तथा आपातकालीन तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण अग्निशमन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने दिया। कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों एवं शॉप्स के कार्यपालकों ने सक्रिय सहभागिता की।

अपने संबोधन में श्री संजय बी. धवस ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र सेल के प्रमुख एकीकृत इस्पात संयंत्रों में से एक है, जहाँ उच्च तापमान, ज्वलनशील एवं विषैली गैसों, विद्युत प्रतिष्ठानों, केबल टनलों, कन्वेयर गैलेरी, ईंधन भंडारण सुविधाओं तथा भारी मशीनरी से जुड़े जटिल औद्योगिक कार्य निरंतर संचालित होते हैं। ऐसे वातावरण में अग्नि सुरक्षा केवल अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी न होकर प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी, ठेका श्रमिक एवं हितधारक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि अधिकांश औद्योगिक अग्नि दुर्घटनाएँ असुरक्षित कार्य व्यवहार, लापरवाही, खराब हाउसकीपिंग, जागरूकता की कमी तथा मानक कार्य प्रक्रियाओं के अनुपालन में चूक के कारण होती हैं। इस संदर्भ में कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अग्नि सुरक्षा प्रबंधन में कार्यपालकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष बल दिया गया।

परिचर्चा के दौरान उचित हाउसकीपिंग बनाए रखने, विद्युत प्रतिष्ठानों एवं अग्नि सुरक्षा प्रणालियों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव, खतरनाक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं उपयोग, कर्मचारियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करने तथा वेल्डिंग, कटिंग एवं ग्राइंडिंग जैसे हॉट वर्क कार्यों के दौरान परमिट-टू-वर्क प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण निवारक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अग्निशमन सेवा विभाग द्वारा निरीक्षण, जोखिम मूल्यांकन, मॉक ड्रिल, उपकरणों की तत्परता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं के माध्यम से संयंत्र में उच्च स्तर की आपदा तैयारी बनाए रखने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक अनुभवों के आदान-प्रदान, विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा तथा उनके समाधान साझा करने का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। प्रतिभागियों को कार्यस्थल के साथ-साथ अपने घर एवं समाज में भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का समन्वय सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री अजय टल्लू द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *